फोटो में दक्षिण अंडमान जिला परिषद के गुप्तापारा क्षेत्र के सदस्य प्रकाश अधिकारी को उपराज्यपाल डॉ. दिनेश शर्मा से मुलाकात के दौरान क्षेत्र की पेयजल समस्या, सड़कों और पर्यटन विकास से जुड़े मुद्दे उठाते हुए दिखाया गया है। 
देश/विदेश

प्रकाश अधिकारी ने उपराज्यपाल से उठाए गुप्तापारा क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं के मुद्दे

पेयजल संकट, सड़क और पर्यटन विकास कार्यों में तेजी की उम्मीद

SANJIB KUMAR ROY

सन्मार्ग संवाददाता

श्री विजय पुरम - दक्षिण अंडमान जिला परिषद के गुप्तापारा क्षेत्र के सदस्य प्रकाश अधिकारी ने हाल ही में अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह के उपराज्यपाल डॉ. दिनेश शर्मा से मुलाकात कर अपने क्षेत्र की विभिन्न ज्वलंत समस्याओं और जनहित से जुड़े मुद्दों को विस्तारपूर्वक उठाया। अंडमान लाइव न्यूज़ से बातचीत में अधिकारी ने बताया कि मुलाकात के दौरान उन्होंने पेयजल संकट, ग्रामीण सड़कों, अवैध प्रवासियों से संबंधित चिंताओं तथा पर्यटन स्थलों के विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर उपराज्यपाल का ध्यान आकर्षित किया।

प्रकाश अधिकारी ने कहा कि उपराज्यपाल ने उन्हें पर्याप्त समय दिया और उनके द्वारा उठाए गए मुद्दों को गंभीरता से सुना। उन्होंने विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं की कमी का उल्लेख करते हुए कहा कि द्वीपसमूह के कई गांवों में आज भी लोगों को सड़क और पेयजल जैसी आवश्यक सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। उन्होंने उपराज्यपाल से इन क्षेत्रों की वास्तविक स्थिति का आकलन कर आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया।

उन्होंने बताया कि वंडूर पंचायत के लोहाबारी सहित कई गांवों में पेयजल की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। वर्तमान में वसुंधरा विहार, हम्फ्रीगंज और गुप्तापारा पंचायत के कई हिस्सों में जलापूर्ति के लिए सीमित जलस्रोतों पर निर्भर रहना पड़ता है। कम वर्षा के कारण स्थिति और गंभीर हो जाती है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में पाइपलाइन और अन्य जलापूर्ति परियोजनाओं के बावजूद नियमित एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराना अब भी बड़ी चुनौती है।

अधिकारी के अनुसार, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग की ओर से लोहाबारी में बड़े जलाशय के निर्माण का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इसके लिए अनुमानित लागत संबंधी प्रक्रिया भी आगे बढ़ चुकी है, जबकि भूमि उपलब्धता का मुद्दा अभी शेष है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जिला प्रशासन के सहयोग से भूमि संबंधी समस्या का शीघ्र समाधान होगा और जल उपचार संयंत्र, जलाशय तथा संबंधित सड़क निर्माण कार्य जल्द शुरू हो सकेंगे।

पर्यटन विकास के विषय पर प्रकाश अधिकारी ने फंगी बालू और मंजेरी क्षेत्र के प्रस्तावित सूर्यास्त स्थल का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के लिए पहले निविदा प्रक्रिया पूरी हुई थी, लेकिन बाद में कार्य रुक गया और नए डिजाइन की आवश्यकता के कारण इसमें देरी हुई। उनका मानना है कि इस पर्यटन स्थल का विकास होने से स्थानीय बेरोजगार युवाओं, स्वयं सहायता समूहों और छोटे कारोबारियों के लिए रोजगार तथा स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

उन्होंने कहा कि उपराज्यपाल द्वारा गांवों और दूरदराज के क्षेत्रों का दौरा कर जमीनी परिस्थितियों को समझने की पहल से लोगों में उम्मीद जगी है। प्रकाश अधिकारी ने विश्वास जताया कि प्रशासन इन समस्याओं पर गंभीरता से कार्रवाई करेगा और संबंधित विभागों के समन्वय से विकास कार्यों को गति मिलेगी। उन्होंने लोक निर्माण विभाग और लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग द्वारा किए जा रहे प्रयासों की भी सराहना की।

SCROLL FOR NEXT