स्थिति को नियंत्रित करने के लिये तैनात सुरक्षा बल 
देश/विदेश

नेपाल में भारत के सीमा से लगे सप्तरी जिले में भी अनिश्चितकालीन कर्फ्यू लागू

सांप्रदायिक हिंसा के बाद फैले तनाव के कारण अब पांच जिले में कर्फ्यू जारी

काठमांडू : नेपाल में सांप्रदायिक हिंसा का असर बढ़ता जा रहा है। पड़ोसी सुनसरी जिले में हुई हिंसक घटनाओं के बाद अब भारत की सीमा से लगे सप्तरी जिले में भी प्रशासन ने अनिश्चितकालीन कर्फ्यू लगा दिया है। राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल और प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने स्थिति पर गहरी चिंता जताते हुए लोगों से शांति, एकता और संयम बनाए रखने की अपील की है। सप्तरी जिला प्रशासन कार्यालय ने एहतियाती कदम उठाते हुए राजबिराज नगर पालिका के कुछ हिस्सों में शुक्रवार सुबह 8 बजे से कर्फ्यू लागू कर दिया। यह फैसला उस समय लिया गया जब सांप्रदायिक हिंसा के विरोध में कुछ समूहों ने प्रदर्शन शुरू कर दिए। नेपाल के कई जिलों में पिछले सप्ताहांत से तनाव बना हुआ है। सुनसरी जिले में दो धार्मिक समुदायों के बीच हुई झड़प के बाद प्रशासन ने कई जगहों पर कर्फ्यू, निषेधाज्ञा और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। सप्तरी में कर्फ्यू लागू होने के बाद अब नेपाल के चार जिलों सुनसरी, धनुषा और सिरहा जिलों के कुछ हिस्सों में कर्फ्यू लागू था। ये सभी जिले नेपाल के दक्षिणी तराई क्षेत्र में भारत सीमा के करीब स्थित हैं। सुनसरी में रविवार को दो धार्मिक समुदायों के अलग-अलग कार्यक्रमों के दौरान विवाद शुरू हुआ। लाउडस्पीकर के इस्तेमाल और धार्मिक झंडे लगाने को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, जो बाद में हिंसक झड़प में बदल गई। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को गोली चलानी पड़ी, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और सुरक्षा कर्मियों समेत एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। इसके बाद हिंसा पड़ोसी मधेश प्रदेश तक फैल गई। सिरहा जिले में हुई झड़प में एक किशोर की मौत हो गई, जबकि कोशी प्रदेश में सुनसरी हिंसा में घायल एक व्यक्ति ने दम तोड़ दिया। अब तक इस हिंसा में तीन लोगों की मौत हो चुकी है।

SCROLL FOR NEXT