आग लगने से पटाखों में विस्फोट  
देश/विदेश

सीवान में पटाखों में विस्फोट से दहला आलमापुर गांव

चार लोगों की मौत की पुष्टि; बढ़ सकती है मृतकों की संख्या

Ravi

सीवान: बिहार के सीवान जिले में शुक्रवार, 23 अक्टूबर को पटाखों में आग लगने से एक मकान में भीषण विस्फोट हो गया। जामो थाना क्षेत्र के आलमापुर गांव में हुए इस हादसे में चार लोगों की मौत की पुष्टि पुलिस ने की है।

विस्फोट इतना जोरदार था कि मकान के अगले हिस्से का मलबा सड़क पर जा गिरा। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरातफरी और दहशत का माहौल है। पुलिस, मेडिकल टीम और बचाव दल मौके पर राहत कार्य में जुटे हैं।

पटाखों में आग लगने के बाद लगातार हुए धमाके

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आलमापुर निवासी मो. अमीरुद्दीन मियां के मकान में पटाखे रखे हुए थे। इसी दौरान उनमें आग लग गई। देखते ही देखते आग ने अन्य पटाखों को भी अपनी चपेट में ले लिया और लगातार विस्फोट होने लगे।

धमाकों की आवाज करीब दो घंटे तक रुक-रुककर सुनाई देती रही। विस्फोट की तीव्रता इतनी अधिक थी कि मकान का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त होकर सड़क पर बिखर गया। हादसे में कुछ शवों के बुरी तरह क्षत-विक्षत होने की सूचना है, जिससे उनकी पहचान करने में परेशानी आ रही है।

एसपी ने की चार मौतों की पुष्टि, जांच के आदेश

सीवान के पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पुलिस को शाम पांच बजे घटना की सूचना मिली थी। गांव के मुखिया के अनुसार, विस्फोट के समय मकान के अंदर सात लोग मौजूद थे। फिलहाल चार लोगों की मौत की पुष्टि हुई है।

मेडिकल टीम की जांच के बाद ही मृतकों की अंतिम संख्या स्पष्ट हो सकेगी। एसपी ने कहा कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जाएगी और यह पता लगाया जाएगा कि पटाखे रखने या बनाने के लिए संबंधित लोगों के पास वैध लाइसेंस था या नहीं।

लाइसेंस की होगी जांच, लापरवाही पर कार्रवाई

ग्रामीणों का दावा है कि संबंधित परिवार के पास पुराना लाइसेंस था और वे करीब 20 वर्षों से यह काम कर रहे थे। एसपी ने बताया कि पहले सभी अंचल अधिकारियों और थानाध्यक्षों को लाइसेंस का सत्यापन करने के निर्देश दिए गए थे।

सत्यापन में सामने आई कमियों की जांच की जाएगी और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई होगी। फिलहाल पुलिस और बचाव दल घटनास्थल पर राहत अभियान चला रहे हैं। अधिकारियों ने आशंका जताई है कि हादसे में मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।

SCROLL FOR NEXT