अखिलेश यादव 
देश/विदेश

उप्र सरकार पर अखिलेश का तंज, कहा-ओवैसी को गलती से 'गार्ड ऑफ ऑनर' देना प्रशासनिक विफलता का प्रमाण

घटना प्रदेश सरकार की प्रशासनिक विफलता और पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करती है

Ravi

लखनऊ : समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में गत 21 नवंबर को ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी को कथित तौर पर गलती से 'गार्ड ऑफ ऑनर' दिए जाने के मामले को लेकर मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यह घटना प्रदेश सरकार की प्रशासनिक विफलता और पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करती है।

यादव ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में सरकार की उस सफाई पर तंज किया जिसमें कहा गया था कि ओवैसी को गलती से गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया था। उन्होंने कहा कि सम्मान दिए जाने के बाद इसे गलती बताना और भी बड़ा अपमान है। उन्होंने लिखा, ‘क्या भाजपा सरकार का यह मतलब है कि वह उन्हें कभी जानबूझकर सम्मान नहीं देती और जो कुछ हुआ, वह गलती से हुआ? सम्मान देने के बाद ऐसा कहना तो और भी बड़ा अपमान है।’

यादव ने कहा, ‘दरअसल भाजपा सरकार से गलती ये हुई कि जो संबंध दबा-छिपा था उसका भंडाफोड़ हो गया है। या फिर ये भी हो सकता है कि इनको सम्मान देकर, अप्रत्यक्ष रूप से किसी और का अपमान किया जा रहा हो। बात कोई भी हो, लेकिन ये अच्छा नहीं हुआ। दिक्कत ये है कि भाजपा सरकार अपने द्वारा दिया गया सम्मान कैसे वापस ले।’ उन्होंने तंज करते हुए कहा, ‘लगता है कि कपड़ों से पहचान लेने का दावा करनेवालों से इस बार बहुत भारी भूल हो गई है।’

प्रदेश पुलिस को भ्रष्ट बना दिया : अखिलेश ने प्रदेश पुलिस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने पुलिस पर दबाव डालकर उससे झूठे मुकदमे दर्ज कराने, फर्जी मुठभेड़, हिरासत में हत्याएं, चुनावी अनियमितताओं और वसूली जैसे काम कराकर उसे भ्रष्ट और निष्प्रभावी बना दिया है। उन्होंने कहा, ‘जनता के सामने सवाल यह है कि वह एक निष्प्रभावी पुलिस बल के खिलाफ प्राथमिकी

कहां दर्ज कराए?’ यादव ने दावा किया कि इस घटना से उत्तर प्रदेश के बाहर भी भाजपा के प्रति नाराजगी पैदा हुई है। उन्होंने हैदराबाद का जिक्र करते हुए एक गीत की पंक्ति के जरिए भाजपा पर कटाक्ष किया।

SCROLL FOR NEXT