वाशिंगटन : अमेरिका में एयर ट्रैफिक कंट्रोल सेंटर्स की संचार प्रणाली में आई तकनीकी खराबी के कारण शुक्रवार को देशभर में हवाई सेवाएं ठप हो गईं। करीब चार घंटे बाद अमेरिकी फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (एफएए) ने ग्राउंड स्टॉप हटा दिया। परिवहन मंत्री सीन डफी के मुताबिक, अमेरिकी हवाई क्षेत्र रात 8:15 बजे (स्थानीय समय) फिर से खोल दिया गया। हालांकि, उन्होंने कहा कि उड़ानों का संचालन धीरे-धीरे सामान्य होगा और इसमें समय लग सकता है। फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट फ्लाइटरडार24 के अनुसार, रात 11:30 बजे तक करीब 10 हजार उड़ानें रद्द हो चुकी थीं। इनमें डेल्टा और अमेरिकन एयरलाइंस की 2,200 से अधिक तथा यूनाइटेड एयरलाइंस की 1,800 उड़ानें शामिल थीं। इस व्यवधान से हजारों यात्री एयरपोर्ट पर फंस गए। विमानन विशेषज्ञों ने आशंका जताई है कि इसका असर कई दिनों तक उड़ानों के शेड्यूल पर रह सकता है।डफी ने बताया कि समस्या दोपहर 3:36 बजे रडार और संचार प्रणालियों में अस्थिरता के कारण शुरू हुई। डेटा का दबाव बढ़ने से सिस्टम में गड़बड़ी आई और सुरक्षा के मद्देनजर उड़ानें रोकनी पड़ीं। उन्होंने स्पष्ट किया कि रडार और संचार व्यवस्था पूरी तरह बंद नहीं हुई थी और हजारों विमानों को सुरक्षित उतारा गया। होमलैंड सिक्योरिटी प्रमुख मार्कवेन मुलिन ने कहा कि शुरुआती जांच में साइबर हमले या एआई सिस्टम की गड़बड़ी का कोई सबूत नहीं मिला है। वहीं, डफी ने पुरानी एयर ट्रैफिक कंट्रोल व्यवस्था के आधुनिकीकरण के लिए 50 अरब डॉलर की मांग की है।