हनोई : वियतनाम और म्यांमार ने शनिवार को रक्षा और सुरक्षा के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई। वियतनामी नेता तो लाम ने हनोई में म्यांमार के राष्ट्रपति मिन आंग ह्लाइंग की मेजबानी की। दोनों देशों ने रक्षा और सुरक्षा क्षेत्र को द्विपक्षीय संबंधों का एक प्रमुख स्तंभ बनाने पर जोर दिया। वियतनामी सरकार के बयान के अनुसार, दोनों नेताओं ने सैन्य प्रशिक्षण, युवा सैन्य अधिकारियों के बीच आदान-प्रदान, खोज एवं बचाव अभियान तथा आपदा प्रबंधन में सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई। इसके साथ ही अपराधों के खिलाफ कार्रवाई के लिए सूचना साझा करने और आपसी समन्वय मजबूत करने का फैसला किया गया। तो लाम ने कहा कि वियतनाम राष्ट्रीय विकास, आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करने और सतत विकास को बढ़ावा देने के अपने अनुभव म्यांमार के साथ साझा करने के लिए तैयार है। दोनों देशों ने यह भी दोहराया कि वे अपनी-अपनी जमीन का इस्तेमाल ऐसे किसी व्यक्ति या संगठन को नहीं करने देंगे, जो दूसरे देश के खिलाफ गतिविधियां संचालित करे।