त्रिपुरा सरकार और SRFTI के बीच समझौता 
देश/विदेश

अगरतला में विकसित होगा विश्वस्तरीय फिल्म एवं टेलीविजन संस्थान

त्रिपुरा सरकार और SRFTI के बीच समझौता

Ravi

अगरतला : त्रिपुरा में फिल्म, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में करियर बनाने की इच्छा रखने वाले युवाओं के लिए अच्छी खबर है। राज्य सरकार ने कोलकाता स्थित सत्यजीत रे फिल्म एवं टेलीविजन संस्थान (SRFTI) के सहयोग से अगरतला में त्रिपुरा फिल्म एवं टेलीविजन संस्थान (TFTI) को विश्वस्तरीय संस्थान के रूप में विकसित करने की पहल की है।

इस सहयोग का उद्देश्य युवाओं को बेहतर प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के साथ राज्य की सांस्कृतिक विरासत और स्थानीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाना है।

शैक्षणिक और तकनीकी सहयोग देगा SRFTI

इस संबंध में 23 अक्टूबर को एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के संयुक्त सचिव डॉ. के.के. निराला, त्रिपुरा के मुख्यमंत्री सचिवालय के सचिव किरण गित्ते और SRFTI के कुलपति संतोष अजमेरा सहित संबंधित अधिकारी एवं संस्थान के शिक्षक शामिल हुए।

बैठक में संस्थान के शैक्षणिक ढांचे, आधुनिक सुविधाओं और प्रशिक्षण व्यवस्था को बेहतर बनाने पर चर्चा हुई। SRFTI संस्थान के विकास के लिए शैक्षणिक एवं तकनीकी विशेषज्ञता उपलब्ध कराने के साथ स्थायी परिसर की योजना तैयार करने में भी सहयोग करेगा।

एनीमेशन और डिजिटल मीडिया में भी खुलेंगे अवसर

डॉ. के.के. निराला ने कहा कि फिल्म एवं मीडिया शिक्षा को बदलती तकनीक के अनुरूप विकसित करना जरूरी है। उन्होंने एनीमेशन, विजुअल इफेक्ट्स, गेमिंग और कॉमिक्स (AVGC) जैसे उभरते क्षेत्रों में संभावनाओं का उल्लेख करते हुए नए शिक्षण तरीकों को अपनाने पर जोर दिया।

वहीं, किरण गित्ते ने कहा कि राज्य सरकार त्रिपुरा के युवाओं को रचनात्मक उद्योगों में आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना चाहती है। SRFTI के कुलपति संतोष अजमेरा ने भी संस्थान को विकसित करने में पूरा शैक्षणिक और तकनीकी सहयोग देने की प्रतिबद्धता जताई। इस पहल से युवाओं के लिए अभिनय, फिल्म संपादन, निर्देशन और डिजिटल कंटेंट निर्माण जैसे क्षेत्रों में प्रशिक्षण एवं रोजगार की संभावनाएं बढ़ने की उम्मीद है।

SCROLL FOR NEXT