भूकंप (सांकेतिक चित्र) 
देश/विदेश

तिब्बत में 7.0 तीव्रता का भूकंप, लोगों में दहशत

भूकंप का केंद्र उत्तरी तिब्बत के नागचू क्षेत्र में जमीन से करीब 10 किलोमीटर की गहराई में था

Bharat Paswan

बीजिंग : तिब्बत के नागचू शहर में गुरुवार को 7.0 तीव्रता का भूकंप आया, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। भूकंप के कारण जान-माल के नुकसान की तत्काल कोई सूचना नहीं मिली है।चीन भूकंप नेटवर्क केंद्र (सीईएनसी) के अनुसार, भूकंप का केंद्र उत्तरी तिब्बत के नागचू क्षेत्र में जमीन से करीब 10 किलोमीटर की गहराई में था। यह तिब्बत की राजधानी ल्हासा से लगभग 400 किलोमीटर दूर है। केंद्र के पांच किलोमीटर के दायरे में औसत ऊंचाई करीब 4,864 मीटर है। भारत के राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर बताया कि भूकंप रात 8:03 बजे आया और इसका केंद्र 173 किलोमीटर की गहराई में था। हालांकि, दोनों एजेंसियों के बताए आंकड़ों में भूकंप की गहराई को लेकर अंतर है। अमेरिकी भूगर्भीय सर्वेक्षण (यूएसजीएस) के अनुसार, हिमालयी क्षेत्र में भूकंप का प्रमुख कारण भारतीय और यूरेशियाई टेक्टोनिक प्लेटों के बीच टकराव है। ये प्लेटें हर साल करीब 40 से 50 मिलीमीटर की दर से एक-दूसरे की ओर बढ़ रही हैं। भारतीय प्लेट के यूरेशियाई प्लेट के नीचे धंसने से इस क्षेत्र में लगातार भूकंपीय गतिविधियां होती हैं, जिससे हिमालय दुनिया के सबसे अधिक भूकंप-संवेदनशील क्षेत्रों में शामिल है।

SCROLL FOR NEXT