देश/विदेश

राज्य में 50,000 आंगनवाड़ी केंद्र होंगे विकसित

ADB के सहयोग से 2,148 करोड़ की परियोजना

प्रसेनजीत, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : राज्य सरकार ने स्कूल शिक्षा के साथ-साथ आंगनवाड़ी केंद्रों के आधुनिकीकरण और विकास के लिए 2,148 करोड़ रुपये की परियोजना को मंजूरी दी है। राज्य के वित्त मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य ने मंत्रिमंडल की बैठक के बाद बताया कि इस परियोजना में एशियाई विकास बैंक (ADB) 70 प्रतिशत और राज्य सरकार 30 प्रतिशत हिस्सेदारी निभाएगी। अगले 5 वर्षों में राज्य कोष से 644.4 करोड़ रुपये दिए जाएंगे।

वित्त मंत्री ने कहा, राज्य में लगभग 2 लाख कर्मी 1,91,481 आंगनवाड़ी केंद्रों में कार्यरत हैं। इस परियोजना के तहत अगले पांच वर्षों में लगभग 50,000 आंगनवाड़ी केंद्रों का आधुनिकीकरण किया जाएगा। इसमें केंद्रों के बुनियादी ढांचे का सुधार, बच्चों के लिए उच्च गुणवत्ता वाले शिक्षण सामग्री और पोषण संबंधी सुविधाओं का विकास तथा कर्मियों की क्षमता संवर्धन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

चंद्रिमा भट्टाचार्य ने कहा कि भले ही यह केंद्र सरकार की आईसीडीएस योजना के तहत आता है, लेकिन राज्य अपनी पहल से आंगनवाड़ी केंद्रों के विकास में निरंतर योगदान दे रहा है। परियोजना मंत्रिमंडल की मंजूरी मिलने के 30 दिनों के भीतर शुरू कर दी जाएगी। यह पहल बच्चों और कर्मियों दोनों के लिए बेहतर शैक्षिक और पोषण संबंधी वातावरण सुनिश्चित करेगी।

SCROLL FOR NEXT