काठमांडू : अयोध्या से नेपाल के जनकपुरधाम के बीच शुरू हुई सीधी रेल सेवा से मंगलवार को करीब 400 भारतीय श्रद्धालु जनकपुर पहुंचे। सरयू-कमला एक्सप्रेस के शुरू होने से रामायण से जुड़े दोनों धार्मिक स्थलों के बीच आवाजाही आसान होगी। इस रेल सेवा का सोमवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह ने संयुक्त रूप से ऑनलाइन उद्घाटन किया था। अयोध्या को भगवान राम की जन्मस्थली और जनकपुर को माता सीता की जन्मभूमि माना जाता है। नेपाल के युवा, श्रम एवं रोजगार मंत्री रामजी यादव और मधेश प्रदेश के मुख्यमंत्री सरोज कुमार यादव ने जनकपुर रेलवे स्टेशन पर श्रद्धालुओं का स्वागत किया। इस मौके पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। मंत्री यादव ने कहा कि रेल सेवा से दोनों देशों के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक संबंध मजबूत होंगे तथा पर्यटन, व्यापार और रोजगार को बढ़ावा मिलेगा। 604 किलोमीटर की यात्रा करीब 19 घंटे में पूरी होगी। ट्रेन सप्ताह में एक बार चलेगी। आगामी विवाह पंचमी उत्सव के मद्देनजर भी इससे श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी।