देश/विदेश

23 भारतीय मछुआरे लौटे घर, 128 बांग्लादेशी रिहा

भारत-बांग्लादेश मछुआरों का हस्तान्तरण सफल

प्रसेनजीत, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : भारतीय तटरक्षक बल ने बांग्लादेशी अधिकारियों के साथ समन्वय में बांग्लादेश में हिरासत में रखे गए 23 भारतीय मछुआरों और उनकी दो मछली पकड़ने वाली नौकाओं (आईएफबी) की सफलतापूर्वक स्वदेश वापसी करायी। यह कार्रवाई आपसी समझौते के तहत हुई, जिसके अंतर्गत भारत ने भी भारतीय विशेष आर्थिक क्षेत्र (ईईजेड) में अवैध रूप से मछली पकड़ने के आरोप में पकड़े गए 128 बांग्लादेशी मछुआरों और उनकी पांच नौकाओं को रिहा किया।

यह अदला-बदली हाल ही में बंगाल की खाड़ी में अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा रेखा (आईएमबीएल) पर हुई। भारतीय तटरक्षक जहाज समुद्र प्रहरी और आईसीजीएस विजया ने मछुआरों को बांग्लादेश कोस्ट गार्ड के जहाज कामरुज्जमां और सोनार बांग्ला को सौंपा। स्वदेश लौटे मछुआरों और नौकाओं को संबंधित राज्य प्रशासन को सौंपा जाएगा। केंद्र सरकार के प्रयासों से हुई यह पहल मछुआरा समुदाय की मानवीय और आजीविका संबंधी चिंताओं को ध्यान में रखते हुए की गई, जो दोनों देशों के बीच समुद्री सहयोग और विश्वास को मजबूत करती है।

SCROLL FOR NEXT