ईटानगर : अरुणाचल प्रदेश में राष्ट्रीय लोक अदालत में सुनवाई के दौरान 202 मामलों का निपटारा किया गया। विवादों के त्वरित, कम खर्च वाले और सौहार्दपूर्ण निपटारे के उद्देश्य से दिनभर चले इस कार्यक्रम का आयोजन अरुणाचल प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (एपीएसएलएसए) ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरणों (डीएलएसए) के समन्वय से किया। एपीएसएलएसए के एक अधिकारी ने बताया कि उच्च न्यायालय और जिला अदालतों सहित राज्यभर में लोक अदालत की कुल 26 पीठ गठित की गई थीं। कार्यवाही के दौरान 2,016 मामलों पर विचार किया गया, जिनमें से 202 मामलों का आपसी सहमति से निपटारा किया गया। इनमें ऐसे लंबित मामले भी शामिल थे जो दो वर्ष से अधिक समय से जारी थे। अधिकारी ने बताया कि कुल समझौता राशि 2,38,89,413 रुपये रही। लोक अदालत में मुकदमा दायर होने से पहले के मामलों और लंबित मुकदमों समेत विभिन्न श्रेणियों के प्रकरणों पर विचार किया गया। इनमें दीवानी विवाद, वैवाहिक मामले, मोटर दुर्घटना दावे, समझौता योग्य आपराधिक अपराध, राजस्व मामले, श्रम विवाद और बैंक ऋण वसूली से जुड़े मामले शामिल थे। अधिकारियों ने बताया कि समाज के सभी वर्गों के लिए न्याय तक पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आयोजित इस राज्यव्यापी कार्यक्रम में न्यायिक अधिकारियों, विधिक सेवा प्राधिकरण के सदस्यों, पैनल अधिवक्ताओं और वादकारियों ने भाग लिया।