सन्मार्ग संवाददाता
श्री विजयपुरम : अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह में भारतीय जनता पार्टी को एक महत्वपूर्ण राजनीतिक बढ़त मिली है। श्री विजयपुरम के वार्ड संख्या-6 के लगभग 150 युवा एवं महिलाओं ने 20 जून को आर. वडिवेलन (वसंत) के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम भारतीय जनता पार्टी, अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह के प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार तिवारी के नेतृत्व तथा अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह के प्रभारी रघुनाथ कुलकर्णी की उपस्थिति में आयोजित किया गया। नवसदस्यों का पार्टी परिवार में स्वागत करते हुए अनिल कुमार तिवारी ने कहा कि युवाओं और महिलाओं के बीच भारतीय जनता पार्टी को मिल रहा बढ़ता समर्थन इस बात का प्रमाण है कि जनता पार्टी की विकास, सुशासन और जनकल्याण के प्रति प्रतिबद्धता पर विश्वास जता रही है। उन्होंने नवसदस्यों से संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने तथा राष्ट्र निर्माण के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। सभा को संबोधित करते हुए रघुनाथ कुलकर्णी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार द्वारा संचालित परिवर्तनकारी विकास पहलों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि देश के भविष्य के निर्माण में युवाओं और महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है तथा नवसदस्यों से समाज सेवा और जनकल्याण के कार्यों में सक्रिय रूप से योगदान देने का आग्रह किया। इस अवसर पर आर. वडिवेलन ने कहा कि बड़ी संख्या में युवा और महिलाओं ने भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रवादी विचारधारा, विकास के प्रति प्रतिबद्धता तथा जनकल्याणकारी नीतियों से प्रेरित होकर पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने का निर्णय लिया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व में अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह निरंतर विकास और समृद्धि की दिशा में आगे बढ़ता रहेगा। नव नियुक्त सदस्यों ने पार्टी की विचारधारा एवं नेतृत्व के प्रति पूर्ण समर्थन व्यक्त करते हुए द्वीपों के समग्र विकास तथा जनकल्याण के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने का संकल्प लिया।