काठमांडू : नेपाल पुलिस ने बाढ़ से प्रभावित त्रिशूली धुंगे स्थित कृषि विकास बैंक की शाखा से लाखों रुपये की नकदी और सोने के भंडार को सुरक्षित निकाल लिया। पिछले सप्ताह आई विनाशकारी बाढ़ के बाद चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में पुलिस ने करीब आठ घंटे तक अभियान चलाकर बैंक के वॉल्ट से लगभग 1.5 करोड़ रुपये नकद और करीब 50 करोड़ रुपये मूल्य का सोना बरामद किया।
पुलिस अधिकारियों ने बैंक के महत्वपूर्ण दस्तावेज भी सुरक्षित निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाए। नेपाल पुलिस ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर अभियान का वीडियो साझा करते हुए इसकी जानकारी दी।
बाढ़ के पानी और मलबे से घिरे बैंक परिसर में चलाया गया यह अभियान बेहद चुनौतीपूर्ण था। अधिकारियों ने सावधानीपूर्वक नकदी, सोने और जरूरी दस्तावेजों को बाहर निकाला और उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
नेपाल में पिछले सप्ताह आई भीषण बाढ़ और भूस्खलन से बड़े पैमाने पर जान-माल का नुकसान हुआ है। कई इलाकों में घरों, सड़कों, पुलों और सरकारी प्रतिष्ठानों को नुकसान पहुंचा है। बचाव एवं राहत अभियान अभी भी जारी है।