बाढ़ के कारण क्षतिग्रस्त घर 
देश/विदेश

नेपाल में बाढ़ से 10 लापता, 50 बचाए गए

गोरखा जिले में भूस्खलन से नदी का अस्थायी अवरोध टूटने के कारण अचानक आई बाढ़

Bharat Paswan

काठमांडू : नेपाल के गोरखा जिले में रविवार तड़के भूस्खलन से नदी का अस्थायी अवरोध टूटने के कारण अचानक बाढ़ आने की आशंका है। बाढ़ में मकान और पुल बह गए, जबकि पनबिजली परियोजना के बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा। कम से कम 10 लोग लापता हैं और करीब 50 को बचाया गया है। काठमांडू स्थित अंतरसरकारी संगठन आईसीआईएमओडी के अनुसार, गोरखा जिले के चुमचेत के पास भूस्खलन से नदी का प्रवाह बाधित हुआ होगा। अवरोध टूटने से बुढ़ी गंडकी नदी में बाढ़ आई हो सकती है। बाढ़ में 341 मेगावाट की बुढ़ी गंडकी पनबिजली परियोजना का निर्माण शिविर और उपकरण भी बह गए। प्रशासन ने बुढ़ी गंडकी, त्रिशूली और नारायणी नदियों के किनारे बसे लोगों को सतर्क किया है। सुरक्षा बलों की मदद से तलाशी और बचाव अभियान जारी है। आईसीआईएमओडी ने कहा कि इस आपदा ने हिमालयी क्षेत्रों में भूस्खलन और बाढ़ जैसी घटनाओं से बस्तियों तथा बुनियादी ढांचे को होने वाले खतरे को उजागर किया है।

SCROLL FOR NEXT