Home slider

होली पर घर वापसी को लेकर ईस्टर्न रेलवे की विशेष तैयारी

मेघा, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : होली के रंगों और ढोल की थाप के बीच हजारों प्रवासी कामगारों और परिवारों के लिए यह पर्व घर लौटने की उमंग भी लेकर आता है। त्योहार के मद्देनजर बढ़ती भीड़ को देखते हुए Eastern Railway ने हावड़ा, सियालदह, आसनसोल और मालदा जैसे प्रमुख स्टेशनों पर व्यापक इंतजाम किए हैं, ताकि यात्रियों की घर वापसी सुरक्षित और सुगम हो सके।

होल्डिंग एरिया और सुविधाएं : हावड़ा और सियालदह स्टेशनों पर विशेष ‘होल्डिंग एरिया’ बनाए गए हैं, जहां यात्री प्लेटफॉर्म की घोषणा से पहले व्यवस्थित ढंग से प्रतीक्षा कर सकेंगे। इन क्षेत्रों में पेयजल की निरंतर आपूर्ति और मोबाइल मेडिकल बूथ की व्यवस्था की गई है। “मे आई हेल्प यू” काउंटरों पर अतिरिक्त कर्मियों की तैनाती की गई है, जबकि अधिकारी और पर्यवेक्षक चौबीसों घंटे निगरानी में जुटे हैं।

डिजिटल पहल और सुरक्षा व्यवस्था : लंबी कतारों से बचने के लिए यात्रियों को m-UTS ऐप के माध्यम से अनारक्षित टिकट लेने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। स्टेशनों पर डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड और नियमित उद्घोषणाओं से यात्रियों को अद्यतन जानकारी दी जा रही है। सुरक्षा के लिए रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की अतिरिक्त तैनाती की गई है। सीसीटीवी कैमरों से हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है और दलालों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है।

होली स्पेशल ट्रेनों का संचालन : बंगाल को बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश से जोड़ने के लिए कई होली स्पेशल ट्रेनों का परिचालन किया जा रहा है। रेलवे प्रशासन का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षित और आरामदायक यात्रा सुनिश्चित करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।


SCROLL FOR NEXT