मेघा, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : यात्रियों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खानपान सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पूर्व रेलवे ने हावड़ा, सियालदह और मालदा टाउन जैसे प्रमुख स्टेशनों पर व्यापक औचक निरीक्षण अभियान चलाया। अभियान का मुख्य उद्देश्य खाद्य गुणवत्ता, स्वच्छता और यात्री सुरक्षा से जुड़े नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करना था। हावड़ा स्टेशन पर प्रधान मुख्य वाणिज्यिक प्रबंधक डॉ. उदय शंकर झा ने वरिष्ठ मंडल वाणिज्यिक प्रबंधक हावड़ा राहुल रंजन के साथ खाद्य स्टॉल और अन्य खानपान इकाइयों का निरीक्षण किया। इस दौरान भोजन तैयार करने की प्रक्रिया, साफ-सफाई और विक्रेताओं द्वारा निर्धारित मानकों के पालन की जांच की गई। मालदा टाउन स्टेशन पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्यिक प्रबंधक कार्तिक सिंह ने खाद्य स्टॉलों और स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लिया। वहीं, सियालदह स्टेशन पर मुख्य वाणिज्यिक प्रबंधक/फ्रेट मार्केटिंग पवन कुमार और वरिष्ठ मंडल वाणिज्यिक प्रबंधक सुनील कुमार महाला ने खानपान इकाइयों का निरीक्षण किया। पूर्व रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शिवराम माझी ने कहा कि रेलवे सभी स्टेशनों पर स्वच्छता और खानपान की गुणवत्ता के उच्चतम मानकों को बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि यात्रियों को सुरक्षित भोजन और बेहतर यात्रा अनुभव मिल सके।