सांकेतिक तस्वीर 
Home slider

स्थानांतरण नोटिस को लेकर श्रमिकों में रोष

हुगली : बांसबेरिया स्थित गंजेश जूट मिल के श्रमिकों में मिल प्रबंधन के खिलाफ रोष है। मिल गेट पर कई श्रमिकों के स्थानांतरण संबंधी नोटिस चस्पा किए जाने के बाद विवाद बढ़ गया है। इस मुद्दे को लेकर ट्रेड यूनियन के 9 प्रतिनिधियों के एक दल ने मिल प्रबंधन के साथ बैठक की। बैठक के बाद यूनियन प्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि कंपनी मनमाने तरीके से फैसले ले रही है और त्रिपक्षीय समझौते का पालन नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि मजदूरों के हित में जो भी बेहतर होगा, यूनियन वही कदम उठाएगी। वहीं, मिल प्रबंधन की ओर से जारी नोटिस में कहा गया है कि बदलते आधुनिक दौर में मिल के आधुनिकीकरण की आवश्यकता है। इसके लिए अत्याधुनिक मशीनों का इस्तेमाल जरूरी हो गया है। प्रबंधन की ओर से 9 सितंबर 2026 को जारी नोटिस के अनुसार प्रथम चरण में 12 सितंबर से नैरो लूम वीविंग विभाग सप्ताह में चार दिन के बजाय छह दिन, यानी शनिवार तक संचालित किया जाएगा। इस दौरान 180 नैरो लूम दो शिफ्टों ए और बी में चलेंगे। नोटिस में कहा गया है कि 8 सितंबर को जारी पूर्व नोटिस में नामित नैरो लूम विभाग के कामगार 12 सितंबर से एस-4 विभाग में अपनी निर्धारित शिफ्ट में ड्यूटी पर रिपोर्ट करेंगे। वहीं, ए शिफ्ट में कार्यरत अन्य कामगारों को परिचालन की जरूरत के अनुसार ए और बी शिफ्ट में समायोजित किया जाएगा।

SCROLL FOR NEXT