Home slider

विश्व कप फाइनल से पहले मुख्यमंत्री की अनूठी पहल

अनाथ बच्चों को भेंट की फुटबॉल फैन जर्सी दक्षिण कलिकाता सेवाश्रम के 57 बच्चों के लिए भेजा विशेष संदेश और उपहार

मेघा, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता: फीफा विश्व कप 2026 के फाइनल मुकाबले से पहले राज्य के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने एक अनूठी पहल करते हुए दक्षिण कलिकाता सेवाश्रम के अनाथ बच्चों को फुटबॉल फैन जर्सियां भेंट की हैं। इसके साथ ही उन्होंने सेवाश्रम के सचिव शुभेंदु मौलिक को एक विशेष पत्र भेजकर बच्चों के प्रति अपनी शुभकामनाएं भी प्रेषित कीं। मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि फुटबॉल के प्रति पश्चिम बंगाल का प्रेम पूरी दुनिया में प्रसिद्ध है। उन्होंने उम्मीद जताई कि विश्व कप फाइनल का उत्साह बच्चों के भीतर खुशी, प्रेरणा और आत्मविश्वास का संचार करेगा तथा उन्हें खेल भावना से आगे बढ़ने की प्रेरणा देगा। दक्षिण कलिकाता सेवाश्रम को कोलकाता की ऐतिहासिक संस्थाओं में गिना जाता है। इसकी स्थापना 11 मार्च 1924 को देशबंधु चित्तरंजन दास और नेताजी सुभाष चंद्र बोस के प्रयासों से हुई थी। बाद में नेताजी ने कोलकाता के मेयर रहते हुए इस संस्थान के स्थायी परिसर के लिए भूमि भी आवंटित की थी। यह संस्थान डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के परिवार की विरासत से भी जुड़ा रहा है। वर्तमान में सेवाश्रम में 57 अनाथ बच्चे रहते हैं। विश्व कप फाइनल के अवसर पर मुख्यमंत्री की इस पहल का उद्देश्य इन बच्चों को भी फुटबॉल महाकुंभ के उत्साह से जोड़ना और उनके चेहरे पर मुस्कान लाना है। इस पहल को खेल भावना और सामाजिक संवेदनशीलता का सकारात्मक संदेश माना जा रहा है।


SCROLL FOR NEXT