Home slider

मॉर्निंग वॉक के लिए अब बनबितान में नहीं देना होगा दैनिक शुल्क

19 जुलाई से नया नियम लागू सुबह 5 से 7 बजे तक बिना टिकट मिलेगी एंट्री वार्षिक पास की व्यवस्था यथावत

मेघा, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : सॉल्ट लेक के ''फेफड़े'' के रूप में पहचाने जाने वाले बनबितान (सेंट्रल पार्क) में मॉर्निंग वॉक करने वालों को अब रोजाना प्रवेश शुल्क नहीं देना होगा। पश्चिम बंगाल वन विकास निगम लिमिटेड (WBFDCL) के ग्रीन प्रोजेक्ट्स विंग ने शनिवार की रात इस संबंध में अधिसूचना जारी की। नई व्यवस्था 19 जुलाई से लागू हो चुकी है। इसके तहत अब प्रतिदिन सुबह 5 बजे से 7 बजे तक मॉर्निंग वॉक के लिए आने वाले लोगों को बिना टिकट पार्क में प्रवेश की अनुमति होगी। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री और विधाननगर के विधायक शारद्वत मुखोपाध्याय ने सोशल मीडिया पर इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि चुनाव से पहले किया गया वादा पूरा किया गया है। उन्होंने लिखा कि सेंट्रल पार्क में सुबह की सैर के लिए दैनिक प्रवेश शुल्क समाप्त करने का वादा अब हकीकत बन चुका है। हालांकि, दैनिक प्रवेश शुल्क हटाए जाने के बावजूद वार्षिक पास की व्यवस्था में कोई बदलाव नहीं किया गया है। अधिसूचना के अनुसार, मॉर्निंग वॉकर्स के लिए वार्षिक पास का शुल्क 3,000 रुपये पहले की तरह ही रहेगा। वन विभाग के सूत्रों के अनुसार, सेंट्रल पार्क का उपयोग कई निजी फिटनेस और व्यायाम समूह भी करते हैं, जो अपने सदस्यों से शुल्क लेते हैं। इसके अलावा सॉल्ट लेक, लेकटाउन और बांगुर समेत आसपास के इलाकों से आने वाले कई नियमित मॉर्निंग वॉकर्स ने पार्क के रखरखाव के लिए वार्षिक शुल्क जारी रखने का सुझाव दिया था। इन्हीं सुझावों को ध्यान में रखते हुए सरकार ने दैनिक शुल्क समाप्त करने के साथ-साथ रखरखाव के लिए वार्षिक सदस्यता शुल्क को बरकरार रखने का फैसला किया है। इससे आम लोगों को सुबह की सैर में राहत मिलेगी, जबकि पार्क के रखरखाव के लिए आवश्यक वित्तीय व्यवस्था भी बनी रहेगी।

SCROLL FOR NEXT