Home slider

पूजा मंडपों में भीड़ नियंत्रण को लेकर पुलिस कमिश्नर ने दिए निर्देश

हर मंडप में अलग प्रवेश और निकास द्वार रखने पर जोर, क्राउड फ्लो की रणनीति बनाएंगे थाना प्रभारी मेट्रो स्टेशनों के बाहर भी बढ़ाई जाएगी पुलिस तैनाती

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता: दुर्गापूजा के दौरान किसी भी मंडप में अत्यधिक भीड़ जमा न हो और भीड़ के कारण किसी तरह की दुर्घटना न हो, इसे लेकर कोलकाता पुलिस ने अभी से तैयारियां शुरू कर दी हैं। पुलिस कमिश्नर अजय नंदा ने शुक्रवार शाम शहर के सभी थानों के ओसी और लालबाजार के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक कर सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण को लेकर कई निर्देश दिए। लालबाजार सूत्रों के अनुसार, मंडप निर्माण शुरू होने के साथ ही पुलिस की ओर से पूजा आयोजकों से थीम और मंडप की संरचना की जानकारी लेने को कहा जाता है। हालांकि, कई पूजा आयोजक आम तौर पर पुलिस को थीम की जानकारी देने से बचते हैं। पुलिस कमिश्नर ने निर्देश दिया कि मंडपों का निर्माण इस तरह किया जाए कि अंदर एक समय में अत्यधिक संख्या में श्रद्धालु जमा न हों।

प्रवेश और निकास के लिए अलग रास्ता

पुलिस कमिश्नर ने प्रत्येक मंडप में प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग रास्ते रखने पर जोर दिया। श्रद्धालु प्रवेश द्वार से अंदर जाकर प्रतिमा दर्शन के बाद दूसरे रास्ते से जल्द बाहर निकलें, यह सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी पुलिस की होगी। मंडप के अंदर एक समय में सीमित संख्या में ही दर्शकों को रहने दिया जाएगा। पुलिस का मानना है कि कई बार श्रद्धालु मंडप के अंदर सेल्फी लेने या तस्वीरें खींचने में काफी समय लगा देते हैं। ऐसे में पुलिसकर्मी उनसे जल्द दर्शन कर बाहर निकलने का अनुरोध करेंगे, ताकि मंडप के भीतर भीड़ का दबाव न बढ़े।

हर मंडप के लिए बनेगी ‘क्राउड फ्लो’ योजना

थाना प्रभारी अपने-अपने इलाकों के प्रत्येक पूजा मंडप के लिए ‘क्राउड फ्लो’ और ‘क्राउड सर्कुलेशन’ की अलग रणनीति तैयार करेंगे। इस संबंध में पूजा आयोजकों के साथ बैठक कर योजना बनाई जाएगी। इसके बाद डिविजन के डीसी भी पूजा कमेटियों के साथ बैठक करेंगे। जरूरत पड़ने पर पूजा कमेटियों के स्वयंसेवकों और सुरक्षा गार्डों को पुलिस की ओर से भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशिक्षण दिया जाएगा।

सड़कों पर ट्रैफिक सुचारू रखने पर जोर

पुलिस कमिश्नर ने मंडपों के आसपास यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के भी निर्देश दिए हैं। कई बार सड़क पर मंडप होने के कारण वाहन चालक गाड़ी रोककर या धीमी कर वाहन में बैठे-बैठे प्रतिमा दर्शन अथवा मंडप की तस्वीर लेने लगते हैं। इससे यातायात प्रभावित होता है। पुलिस को निर्देश दिया गया है कि वाहनों की गति अनावश्यक रूप से धीमी न हो और ट्रैफिक सुचारू रूप से चलता रहे। बड़े मार्गों पर यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए थाना और ट्रैफिक गार्डों को अभी से विस्तृत योजना तैयार करने को कहा गया है।

मेट्रो स्टेशनों के बाहर बढ़ेगी पुलिस तैनाती

पूजा के दौरान बड़ी संख्या में लोग मेट्रो से उतरकर पंडाल हॉपिंग के लिए निकलते हैं। इसे देखते हुए प्रत्येक मेट्रो स्टेशन के बाहर अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। इसके अलावा पुलिस को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है कि मंडपों के आसपास के फुटपाथ अतिक्रमण मुक्त और खाली रहें, ताकि पैदल चलने वालों को परेशानी न हो और सड़क पार करने में भी दिक्कत न आए।

कम रोशनी वाले इलाकों पर भी नजर

पूजा के दौरान सड़कों और मंडपों के आसपास पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पुलिस की ओर से केएमडीए और नगर निकाय को पत्र भेजा जा रहा है। पुलिस का उद्देश्य पूजा के दौरान भीड़ प्रबंधन के साथ-साथ पैदल यात्रियों और वाहन चालकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।


SCROLL FOR NEXT