Home slider

माल ढुलाई में पूर्व रेलवे का प्रदर्शन बेहतर

अगस्त तक माल लदान में 4.67% और माल आय में 8.34% की वृद्धि

मेघा, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : पूर्व रेलवे ने चालू वित्तीय वर्ष में 31 अगस्त 2026 तक माल ढुलाई के क्षेत्र में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की है। पिछले वित्तीय वर्ष की समान अवधि की तुलना में कुल माल लदान 39.76 मिलियन टन से बढ़कर 41.62 मिलियन टन हो गया। यानी 1.85 मिलियन टन या 4.67% की वृद्धि हुई। वहीं, माल आय ₹3,651.56 करोड़ से बढ़कर ₹3,956.40 करोड़ पहुंच गई, जो ₹304.83 करोड़ या 8.34% की बढ़ोतरी है। माल ढुलाई में कोयले की प्रमुख भूमिका रही। कोयला लदान 25.79 मिलियन टन से बढ़कर 28.48 मिलियन टन हो गया, जो 10.44% की वृद्धि है। कोयले से होने वाली आय भी ₹2,333.56 करोड़ से बढ़कर ₹2,764.56 करोड़ हो गई, यानी 18.47% की वृद्धि दर्ज की गई। अन्य प्रमुख वस्तुओं में लौह अयस्क के लदान में 45.31%, खाद्यान्न में 42.99% और क्लिंकर में 1.40% की वृद्धि हुई। कुल माल लदान में कोयले की हिस्सेदारी 68.43%, सीमेंट की 5.63%, पिग आयरन एवं तैयार इस्पात की 4.65%, उर्वरक की 1.71% और अन्य वस्तुओं की 18.04% रही। पूर्व रेलवे के अनुसार यह वृद्धि बेहतर परिचालन योजना, रेलवे परिसंपत्तियों के प्रभावी इस्तेमाल, माल प्रबंधन में सुधार और ग्राहकों की जरूरतों के अनुरूप सेवाओं को मजबूत करने का परिणाम है। रेलवे ने माल ढुलाई सेवाओं को अधिक प्रभावी और प्रतिस्पर्धी बनाने तथा उपलब्ध संसाधनों के बेहतर इस्तेमाल का प्रयास जारी रखने की बात कही है।


SCROLL FOR NEXT