Home slider

बेलूड़ मठ ने वायरल वीडियो से किया किनारा

कहा—वीडियो में दिख रहा संन्यासी रामकृष्ण मठ-मिशन से संबद्ध नहीं

मेघा, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा: सोशल मीडिया पर रामकृष्ण मठ, बेलूड़ से जुड़े होने का दावा करने वाले एक संन्यासी का वीडियो वायरल होने के बाद बेलूड़ मठ की ओर से स्पष्टीकरण जारी किया गया है। रामकृष्ण मठ एवं रामकृष्ण मिशन के मुख्यालय की ओर से कहा गया है कि वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे संन्यासी का संस्थान से कोई संबंध नहीं है। शनिवार को जारी विशेष विज्ञप्ति में बेलूड़ मठ के महासचिव स्वामी सुवीरानंद ने बताया कि फेसबुक पर प्रसारित एक वीडियो में संबंधित संन्यासी ने स्वयं को बेलूड़ मठ का संन्यासी बताते हुए कुछ टिप्पणियां की हैं। मठ ने स्पष्ट किया कि उक्त व्यक्ति रामकृष्ण मठ एवं रामकृष्ण मिशन के किसी भी केंद्र का संन्यासी नहीं है।विज्ञप्ति में यह भी कहा गया है कि संबंधित संन्यासी का रामकृष्ण मठ एवं रामकृष्ण मिशन के किसी केंद्र अथवा बेलूड़ मठ स्थित मठ-मिशन के प्रधान कार्यालय से कोई संबंध नहीं है। इसलिए वीडियो में दिए गए बयान को पूरी तरह संबंधित व्यक्ति का निजी बयान माना जाना चाहिए और इसे बेलूड़ मठ या रामकृष्ण मिशन का आधिकारिक वक्तव्य नहीं समझा जाना चाहिए। बेलूड़ मठ ने मीडिया और आम लोगों से अपील की है कि ऐसे बयानों को प्रचारित करते समय इस स्पष्टीकरण को ध्यान में रखा जाए, ताकि जनता के बीच किसी प्रकार का भ्रम न फैले।

SCROLL FOR NEXT