कोलकाता : पूर्व रेलवे की महाप्रबंधक गीतिका पांडेय के मार्गदर्शन में बी. आर. सिंह अस्पताल के सभागार में स्वास्थ्यकर्मियों के मानसिक स्वास्थ्य, सकारात्मक जीवन, आंतरिक शक्ति और मानसिक दृढ़ता पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें पूर्व रेलवे के प्रधान मुख्य चिकित्सा निदेशक डॉ. नटराज बी. और अस्पताल के चिकित्सा निदेशक डॉ. देबाशीष गुहा समेत सियालदह की मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. कल्पना मंडल और लिलुआ की मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. देबजानी दास मौजूद रहीं। कार्यक्रम में बी. आर. सिंह, हावड़ा और लिलुआ अस्पताल के चिकित्सकों, नर्सों तथा स्वास्थ्यकर्मियों ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ब्रह्माकुमारी डॉ. सचिन परब का प्रेरणादायक सत्र रहा। उन्होंने चुनौतीपूर्ण स्वास्थ्य सेवा वातावरण में मानसिक संतुलन, सकारात्मक सोच और भावनात्मक दृढ़ता के महत्व पर प्रकाश डाला। साथ ही तंबाकू जागरूकता, व्यसन रोकथाम और परामर्श से जुड़े अनुभव साझा किए।
डॉ. परब ने प्रत्यक्ष ध्यान सत्र भी कराया, जिसमें स्वास्थ्यकर्मियों ने मानसिक शांति और आंतरिक विश्राम का अनुभव किया। ब्रह्माकुमारी सिस्टर मोनिशा ने भी ध्यान, सकारात्मक विचार और आत्म-जागरूकता के महत्व पर अपने विचार रखे।
डॉ. देबाशीष गुहा ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम स्वास्थ्यकर्मियों को व्यस्त जिम्मेदारियों के बीच आत्मचिंतन और मानसिक रूप से पुनः ऊर्जावान होने का अवसर देते हैं। पूर्व रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शिबराम माझी ने इसे स्वास्थ्यकर्मियों के समग्र कल्याण के प्रति रेलवे की प्रतिबद्धता बताया।