REP
Home slider

बिड़ा स्टेशन पर खुलेगा मिनी मार्ट, पूर्व रेलवे ने 10 साल का अनुबंध दिया

कोलकाता : यात्री सुविधाओं के विस्तार और गैर-किराया राजस्व बढ़ाने की दिशा में पूर्व रेलवे ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। सियालदह मंडल ने बिड़ा रेलवे स्टेशन पर मिनी मार्ट के विकास, संचालन और रखरखाव के लिए 10 वर्ष का अनुबंध प्रदान किया है। रेलवे परिसंपत्तियों के बेहतर उपयोग और उपलब्ध स्थानों को व्यावसायिक गतिविधियों में बदलने की योजना के तहत यह पहल की गई है।

पूर्व रेलवे की महाप्रबंधक गीतिका पांडेय के मार्गदर्शन और सियालदह मंडल के मंडल रेल प्रबंधक राजीव सक्सेना के नेतृत्व में दिए गए इस अनुबंध से स्टेशन पर यात्रियों और स्थानीय लोगों को दैनिक जरूरत की वस्तुएं एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सकेंगी।

अनुबंध को 55,55,555 रुपये के वार्षिक लाइसेंस शुल्क (जीएसटी को छोड़कर) पर अंतिम रूप दिया गया है। वहीं, 10 वर्ष की पूरी अनुबंध अवधि के लिए इसकी कुल संविदात्मक राशि 8,80,79,702 रुपये (जीएसटी सहित) है।

प्रस्तावित मिनी मार्ट में दैनिक उपयोग की वस्तुओं और आवश्यक उपभोक्ता सामग्रियों की विभिन्न श्रेणियां उपलब्ध होंगी। इससे बिड़ा स्टेशन से आने-जाने वाले हजारों यात्रियों के साथ स्थानीय लोगों को भी सुविधाजनक खुदरा सेवा मिल सकेगी।

पूर्व रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शिबराम माझि ने कहा कि रेलवे यात्री अनुभव को बेहतर बनाने के साथ गैर-किराया राजस्व के नए स्रोत विकसित करने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि बिड़ा स्टेशन पर मिनी मार्ट का अनुबंध परिसंपत्ति मुद्रीकरण, यात्री सुविधाओं और सतत राजस्व सृजन की दिशा में रेलवे के प्रयासों को मजबूत करेगा।

SCROLL FOR NEXT