फाइल फोटो 
Home slider

न्यूटाउन में बोरे में बंद युवक का शव मिलने से सनसनी, 4 दोस्त हिरासत में

स्वामीजी नगर में सड़क किनारे मिला सौरभ विश्वास का शव, चेहरे पर गंभीर चोट के निशान, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

आनंद मोहन, सन्मार्ग संवाददाता

बिधाननगर: न्यूटाउन के स्वामीजी नगर इलाके में शनिवार सुबह बोरे में बंद एक युवक का शव बरामद होने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान सौरभ विश्वास के रूप में हुई है। वह न्यूटाउन के आदर्श पल्ली इलाके का रहने वाला बताया जा रहा है। शव के चेहरे पर गंभीर चोट के निशान थे और शरीर के कई हिस्सों पर भी चोट के निशान मिले हैं। घटना की सूचना मिलते ही इको पार्क थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने इस मामले में मृतक के चार दोस्तों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। पुलिस को इलाके से मिले CCTV फुटेज में एक युवक कथित तौर पर कंधे पर बोरे में लिपटा शव लेकर आता दिखाई दिया है। जांचकर्ताओं के अनुसार, उसने एक खड़ी मोटरसाइकिल के पीछे शव को फेंका और उसके ऊपर एक और बोरा डाल दिया। इसके बाद शव को छिपाने के लिए उसके ऊपर ईंटें रखकर वह मौके से चला गया। एक स्थानीय निवासी के मुताबिक, शव को तड़के करीब 4.20 बजे इलाके में फेंका गया था। स्थानीय व्यक्ति ने बताया कि युवक शव रखने के बाद करीब एक मिनट तक वहां रुका रहा। इलाके में पर्याप्त रोशनी नहीं होने के कारण उसका चेहरा CCTV या स्थानीय लोगों को स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं दे सका। पुलिस सूत्रों के अनुसार, सौरभ के शरीर पर कई टैटू मिले हैं, जिससे उसकी पहचान करने में भी मदद मिली। शुरुआती जांच में पुलिस को संदेह है कि युवक की मौत शव बरामद होने से करीब दो-तीन दिन पहले हुई हो सकती है। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण और समय की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी। घटना के सिलसिले में इको पार्क थाना पुलिस ने सौरभ के चार दोस्तों को हिरासत में लिया है। पुलिस उनसे लगातार पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि सौरभ की मौत किन परिस्थितियों में हुई और शव को स्वामीजी नगर में किसने लाकर फेंका। पुलिस इलाके के CCTV फुटेज को भी खंगाल रही है।

SCROLL FOR NEXT