मेघा, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : सावन के दौरान तारकेश्वर में इस बार श्रद्धालुओं और कांवड़ियों की भारी भीड़ के बीच प्रशासन की ओर से पहले की तुलना में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का दावा किया गया है। तारकेश्वर के विधायक संतु पान ने कहा कि राज्य में भाजपा सरकार आने के बाद तारकेश्वर में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। इसी को देखते हुए कांवड़ियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए हर पांच किलोमीटर के अंतराल पर सेवा शिविर लगाए गए हैं। सन्मार्ग से बातचीत में विधायक संतु पान ने कहा कि मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के निर्देश पर कांवड़ियों के लिए जगह-जगह सेवा शिविरों की व्यवस्था की गयी है, ताकि लंबी यात्रा के दौरान उन्हें किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। इन शिविरों में श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के आने के बाद तारकेश्वर मंदिर के पुनर्विकास के साथ श्रद्धालुओं की सुविधाओं में भी विस्तार हुआ है। इससे मंदिर परिसर और आसपास आने वाले भक्तों को पहले की तुलना में बेहतर व्यवस्था मिल रही है। बताया जाता है कि सावन की शुरुआत से दूसरे सोमवार तक करीब 50 लाख कांवड़िये तारकेश्वर पहुंचे। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने से तारकेश्वर मंदिर और क्षेत्र की धार्मिक पहचान को भी व्यापक स्तर पर प्रचार मिला है। संतु पान के मुताबिक, श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए आने वाले समय में सुविधाओं को और बेहतर करने पर भी जोर दिया जाएगा।