सांकेतिक फोटो
Home slider

डॉक्टर से कथित बदसलूकी पर भड़के ग्रामीण, आरोपी हिरासत में

हुगली: पांडुआ के खन्यान-इटाचुना प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में देर रात ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर के साथ कथित बदसलूकी और धमकी देने का मामला सामने आया है। घटना के विरोध में सोमवार सुबह ग्रामीणों ने अस्पताल परिसर में प्रदर्शन किया। सूचना मिलने पर पांडुआ थाना प्रभारी नजरुल इस्लाम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मामले में मान्दारण निवासी जीत घोष को हिरासत में लिया है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, देर रात एक मरीज के परिजन उसे इलाज के लिए स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे थे। आरोप है कि डॉक्टर द्वारा मरीज को ठीक से नहीं देखने को लेकर परिजनों ने कुछ स्थानीय भाजपा नेताओं से शिकायत की। इसके बाद कुछ लोग अस्पताल पहुंचे और डॉक्टर के साथ कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए उन्हें धमकाया। डॉक्टर के क्वार्टर का ताला तोड़कर अंदर घुसने की कोशिश करने का भी आरोप है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। घटना के बाद डॉक्टर सुबह काफी देर तक अस्पताल नहीं पहुंचे। ग्रामीणों का आरोप है कि डॉक्टर मानसिक रूप से परेशान और रोते हुए अस्पताल से बाहर निकले तथा उन्होंने रात की घटना की जानकारी दी। इस पर ग्रामीणों ने चिकित्सा सेवा में राजनीतिक हस्तक्षेप का आरोप लगाते हुए सवाल उठाए। हालांकि, पांडुआ के भाजपा विधायक तुषार मजूमदार ने आरोपी को पार्टी कार्यकर्ता मानने से इनकार किया। उन्होंने डॉक्टर को सुरक्षा का आश्वासन देते हुए कहा कि दोषी पाए जाने पर कार्रवाई होनी चाहिए। बीएमओएच आगमन मंडल ने बताया कि घटना रात करीब एक बजे हुई थी। डॉक्टर की शिकायत पर पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है।

SCROLL FOR NEXT