Home slider

घर के सामने बैठी गाय को टाटा सूमो में डालकर ले गए दो लोग, CCTV में कैद हुई चोरी

आसनसोल: दिनदहाड़े घर के सामने बैठी एक गाय को दो लोग कथित तौर पर टाटा सूमो में डालकर फरार हो गए। पूरी घटना इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। मामला सलानपुर थाना क्षेत्र के रूपनारायणपुर फांड़ी अंतर्गत पिठाक्यारी इलाके का है।

सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि घर के सामने दो मवेशी बैठे थे। इसी दौरान काले शीशे वाली एक टाटा सूमो वहां आकर रुकती है। गाड़ी के रुकते ही पीछे का दरवाजा खुलता है और दो लोग तेजी से नीचे उतरते हैं। इसके बाद दोनों बैठी हुई गाय को जबरन उठाकर वाहन के पीछे डाल देते हैं। चालक पहले से ही गाड़ी स्टार्ट रखे हुए था। गाय को वाहन में डालने के बाद दोनों आरोपी तुरंत मौके से फरार हो जाते हैं।

घटना का वीडियो सामने आने के बाद पिठाक्यारी और रूपनारायणपुर इलाके में हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बंगाल-झारखंड सीमा से सटा इलाका होने के कारण अपराधी वारदात को अंजाम देने के बाद आसानी से दूसरे राज्य में भाग जाते हैं।

घर के सामने से खुलेआम मवेशी चोरी होने की घटना से स्थानीय लोगों में नाराजगी है। घटना की सूचना मिलने के बाद सलानपुर थाने की पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों और वाहन की पहचान करने में जुटी है।

SCROLL FOR NEXT