कोलकाता : भारत की आस्था और सभ्यतागत विरासत के प्रतीक ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ के तहत शनिवार को कोलकाता स्टेशन से सोमनाथ तीर्थयात्रा के लिए विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। प्रधानमंत्री के आह्वान के तहत आयोजित इस यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। फ्लैग-ऑफ समारोह में पर्यटन एवं संसदीय कार्य विभाग के प्रभारी मंत्री डॉ. शंकर घोष, स्कूल शिक्षा तथा अग्नि एवं आपातकालीन सेवा विभाग के राज्य मंत्री कौशिक चौधरी, नगर विकास एवं नगर पालिका कार्य विभाग के राज्य मंत्री उमेश राय और सूचना एवं सांस्कृतिक कार्य तथा पर्यटन विभाग की राज्य मंत्री पूर्णिमा चक्रवर्ती मौजूद रहीं। पूर्व रेलवे की महाप्रबंधक गीतिका पांडेय सहित रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग भी कार्यक्रम में उपस्थित थे।
विशेष ट्रेन 12 सितंबर को कोलकाता से रवाना होकर 14 सितंबर को सोमनाथ पहुंचेगी। श्रद्धालु 15 और 16 सितंबर को सोमनाथ में विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। इसके बाद ट्रेन 17 सितंबर को सोमनाथ से कोलकाता के लिए वापसी यात्रा शुरू करेगी।
यात्रियों ने इस विशेष रेल सेवा के जरिए तीर्थयात्रा का अवसर मिलने पर खुशी और उत्साह जताया। रेलवे के अनुसार, यह पहल तीर्थयात्रियों को सुगम, सुरक्षित और आरामदायक रेल कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ का उद्देश्य देश की सभ्यतागत विरासत, आस्था और सांस्कृतिक परंपराओं का उत्सव मनाना है। सोमनाथ मंदिर को भारत की अटूट भक्ति और सांस्कृतिक विरासत के महत्वपूर्ण प्रतीक के रूप में देखा जाता है।