तारकेश्वर मंदिर में भीड़ की तस्वीर 
Home slider

कूचबिहार से तारकेश्वर तक बनेगा तीर्थक्षेत्र सर्किट

धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने पर जोर सीएम ने श्री श्री ईश्वर राधाकांत जिउ मंदिर में जन्माष्टमी महोत्सव के दौरान की घोषणा

मेघा, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : बंगाल में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए उत्तर से दक्षिण तक प्रमुख तीर्थस्थलों को एक सर्किट में जोड़ने की योजना पर जल्द काम शुरू होगा। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शनिवार को उत्तर कोलकाता के पथुरियाघाटा स्थित श्री श्री ईश्वर राधाकांत जिउ मंदिर में जन्माष्टमी महोत्सव के दौरान इसकी घोषणा की। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रस्तावित तीर्थक्षेत्र सर्किट की शुरुआत कूचबिहार के मदनमोहन मंदिर से होगी। इसके बाद इसे कालीघाट, दक्षिणेश्वर, मायापुर, ठाकुरनगर और तारापीठ होते हुए तारकेश्वर धाम तक जोड़ा जाएगा। राज्य के बजट में पहले ही इस योजना की घोषणा की जा चुकी है और अब इसके क्रियान्वयन की दिशा में कदम उठाने की बात कही गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में धार्मिक पर्यटन को और बढ़ाने के लिए सरकार आवश्यक कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल के विभिन्न हिस्सों में मौजूद प्रमुख धार्मिक स्थलों को एक ही सर्किट में जोड़ने से श्रद्धालुओं के साथ-साथ पर्यटकों को भी सुविधा होगी। जन्माष्टमी समारोह में मुख्यमंत्री ने मंदिर में पूजा-अर्चना और आरती भी की। इस दौरान पर्यटन राज्यमंत्री पूर्णिमा चक्रवर्ती और भाजपा के उत्तर कोलकाता जिला अध्यक्ष तमघ्न घोष समेत अन्य लोग मौजूद थे।

धार्मिक आयोजनों को बढ़ावा देने पर जोर

मुख्यमंत्री ने राज्य के विभिन्न धार्मिक आयोजनों और मेलों का उल्लेख करते हुए कहा कि तारकेश्वर श्रावणी मेले में श्रद्धालुओं पर हेलिकॉप्टर से पुष्पवर्षा, जलपाईगुड़ी के जल्पेश मंदिर में जलाभिषेक और राज्य की पारंपरिक रथयात्राओं को आर्थिक सहायता जैसे कदम उठाए गए हैं। उन्होंने कहा कि आगामी 10 सितंबर को कौशिकी अमावस्या के अवसर पर तारापीठ में भी सरकार की ओर से कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने आगे कहा कि सरकार आने वाले दिनों में गंगासागर मेले को अंतरराष्ट्रीय मेले के रूप में विकसित करने की दिशा में भी प्रयास करेगी। मुख्यमंत्री ने लोगों से भाषा, धर्म, जाति और राजनीति के नाम पर होने वाले विभाजन से बचने की अपील की। उन्होंने सीमा सुरक्षा को लेकर सरकार की ओर से उठाए गए कदमों का भी उल्लेख किया और कहा कि सरकार राज्य में विकास और धार्मिक पर्यटन को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।


SCROLL FOR NEXT