मेघा, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता: उत्तर 24 परगना के श्यामनगर स्थित एक्साइड इंडस्ट्रीज लिमिटेड के वर्क्स में श्रमिकों के लिए महत्वपूर्ण वेतन समझौता हुआ है। प्रबंधन और दो श्रमिक यूनियनों—स्थायी श्रमिक यूनियन तथा ठेका श्रमिक यूनियन—के बीच दो त्रिपक्षीय मेमोरेंडम ऑफ सेटलमेंट (MoS) पर हस्ताक्षर किए गए। समझौते में करीब 1,400 श्रमिकों को लाभ मिलेगा।
यह समझौता श्रम विभाग, प्रबंधन और श्रमिक प्रतिनिधियों के बीच हुई त्रिपक्षीय वार्ता के बाद तय हुआ। कार्यक्रम में श्रम विभाग के मंत्री अर्जुन सिंह, भाटपाड़ा के विधायक पवन सिंह, जगद्दल के विधायक डॉ. राजेश कुमार, श्रम विभाग के अधिकारी, कंपनी प्रबंधन और यूनियन प्रतिनिधि मौजूद रहे।
समझौते के तहत स्थायी कर्मचारियों के मौजूदा वेतन में अगले पांच वर्षों के दौरान करीब 11,800 रुपये प्रति माह की बढ़ोतरी की जाएगी। इसके साथ प्रत्येक स्थायी कर्मचारी को 20 प्रतिशत बोनस भी मिलेगा।
वहीं, ठेका श्रमिकों के वेतन में अगले पांच वर्षों में करीब 6,050 रुपये प्रति माह की वृद्धि होगी। इसके अलावा उन्हें 10,000 रुपये का एकमुश्त एक्स-ग्रेशिया तथा 8.33 प्रतिशत वार्षिक बोनस मिलेगा।
श्रम मंत्री अर्जुन सिंह ने औद्योगिक शांति, श्रमिक कल्याण और प्रबंधन-श्रमिकों के बीच बेहतर संबंधों को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि संवाद और आपसी सहमति से औद्योगिक विवादों का समाधान किया जाना चाहिए।
यह समझौता श्यामनगर वर्क्स में औद्योगिक संबंधों को मजबूत करने और श्रमिकों की आर्थिक सुरक्षा बढ़ाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।