कोलकाता : मेट्रो की ब्लू लाइन पर रविवार, 13 सितंबर को यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। ट्रैफिक और पावर ब्लॉक के साथ गीतांजलि और कवि नजरुल स्टेशनों के बीच रखरखाव का काम किया जाएगा। इसके कारण सुबह 9 बजे से शाम 6:30 बजे तक ब्लू लाइन के एक हिस्से में मेट्रो सेवा बंद रहेगी। मेट्रो की ओर से जारी सूचना के अनुसार, महानायक उत्तम कुमार से शहीद खुदीराम तक मेट्रो सेवा इस अवधि में बंद रहेगी। वहीं, दक्षिणेश्वर से महानायक उत्तम कुमार तक मेट्रो निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार चलेगी। शाम 6:30 बजे के बाद दक्षिणेश्वर से शहीद खुदीराम तक ब्लू लाइन पर पूरी तरह सामान्य सेवा शुरू कर दी जाएगी। रविवार को सुबह मेट्रो करीब 15 मिनट के अंतराल पर और शाम के बाद 10 मिनट के अंतराल पर उपलब्ध होगी। पूजा से पहले रविवार को खरीदारी के लिए निकलने वाले यात्रियों को इस आंशिक सेवा बंदी के कारण अतिरिक्त समय लेकर यात्रा करने की सलाह दी गई है।