Home slider

आईआरसीटीसी ने बनाया नया रिकॉर्ड, एक दिन में बुक हुए 20 लाख से ज्यादा टिकट

Megha

नई दिल्ली : त्योहारी सीजन में रेलवे टिकटों की बढ़ती मांग के बीच आईआरसीटीसी ने ऑनलाइन टिकट बुकिंग का नया रिकॉर्ड कायम किया है। 7 सितंबर 2026 को आईआरसीटीसी के नेक्स्ट जेनरेशन ई-टिकटिंग (NGeT) सिस्टम के जरिए एक दिन में रिकॉर्ड 20,06,353 टिकट बुक किए गए। यह आईआरसीटीसी का अब तक का सबसे अधिक एकदिवसीय टिकट बुकिंग आंकड़ा है। इससे पहले 19 अगस्त 2025 को एक दिन में 18,40,203 टिकट बुक हुए थे।

रिकॉर्ड बुकिंग के अगले दिन भी सिस्टम ने बेहतर प्रदर्शन किया। 8 सितंबर को 19,50,699 टिकट सफलतापूर्वक बुक किए गए। वर्तमान में कुल आरक्षित टिकटों में करीब 89 प्रतिशत टिकट ऑनलाइन बुक हो रहे हैं।

आईआरसीटीसी के मुताबिक, सुबह 8 से 9 बजे के बीच दिनभर की बुकिंग का केवल 8.43 से 14.14 प्रतिशत हिस्सा होता है, जबकि 85 प्रतिशत से अधिक बुकिंग दिन के बाकी समय में पूरी होती है। सुबह 8 से 8:15 बजे के बीच सबसे अधिक दबाव रहता है।

सर्वर क्षमता हुई लगभग दोगुनी

आईआरसीटीसी ने बताया कि NGeT सिस्टम को अपग्रेड करने के तहत पुराने सर्वरों की जगह नए सर्वर लगाए गए हैं, जिससे पूरे सिस्टम की क्षमता लगभग दोगुनी हो गई है। सॉफ्टवेयर ऑप्टिमाइजेशन और आर्किटेक्चर में सुधार से भी क्षमता में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है।

इसके अलावा 15 जुलाई 2026 से IRCTC के नए यूजर इंटरफेस का बीटा वर्जन शुरू किया गया। नए इंटरफेस में एक ही स्क्रीन पर स्लीपर, एसी 3 टियर और एसी 2 टियर जैसी विभिन्न श्रेणियों की उपलब्धता देखने की सुविधा दी गई है।

बॉट ट्रैफिक पर भी लगाम

आईआरसीटीसी ने एंटी-बॉट और CDN तकनीक लागू की है। इससे हाल के महीनों में संदिग्ध बॉट ट्रैफिक में 55 से 65 प्रतिशत तक कमी आई है। CDN के इस्तेमाल से NGeT सिस्टम पर लोड कम हुआ है। फर्जी वेबसाइट और मोबाइल ऐप के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है।

त्योहारी सीजन की शुरुआती बुकिंग में अधिकृत टिकट एजेंटों को पहले 10 मिनट, यानी सुबह 8 से 8:10 बजे तक, टिकट बुक करने की अनुमति नहीं है। वहीं 12 अक्टूबर 2025 से शुरुआती ARP विंडो में केवल आधार-प्रमाणित यूजर्स को टिकट बुक करने की अनुमति है।

आईआरसीटीसी के अनुसार, 3.04 करोड़ यूजर आईडी निष्क्रिय की गई हैं और 6.33 करोड़ आईडी को दोबारा सत्यापन के लिए रखा गया है। साथ ही 16,041 संदिग्ध ईमेल डोमेन ब्लॉक किए गए हैं और साइबर क्राइम पोर्टल पर 592 शिकायतें दर्ज की गई हैं।

आईआरसीटीसी ने दावा किया कि भारी दबाव के बावजूद 7 और 8 सितंबर को NGeT प्लेटफॉर्म में कोई विफलता या आउटेज नहीं हुआ और सिस्टम ने बड़ी संख्या में एक साथ आए अनुरोधों को सफलतापूर्वक संभाला।

SCROLL FOR NEXT