Home slider

अब होगी और भी सुगम यात्रा! नैहाटी स्टेशन पर प्रमुख सिग्नलिंग उन्नयन से मिलेगी तेज, समयनिष्ठ और सुरक्षित रेल सेवा

कोलकाता : नैहाटी स्टेशन से यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए अब रेल यात्रा और अधिक सुगम, तेज तथा आरामदायक होने जा रही है। यात्री सुरक्षा और परिचालन सुविधा को नई ऊँचाई प्रदान करते हुए पूर्व रेलवे ने नैहाटी स्टेशन की सिग्नलिंग लॉजिक प्रणाली—जो स्टेशन के संचालन का इलेक्ट्रॉनिक मस्तिष्क मानी जाती है—का सफलतापूर्वक उन्नयन कर लिया है। इस महत्वपूर्ण परियोजना को रातभर चले समन्वित नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य के माध्यम से सुरक्षित रूप से पूरा किया गया। यह संपूर्ण मेगा परियोजना पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक श्री मिलिंद देऊस्कर के सतत मार्गदर्शन एवं प्रभावी निगरानी में सफलतापूर्वक संपन्न हुई।

सियालदह मंडल के मंडल रेल प्रबंधक श्री राजीव सक्सेना ने बताया कि इस उन्नयन से रेल परिचालन में लंबे समय से बनी एक प्रमुख बाधा दूर हो गई है तथा सियालदह, दमदम जंक्शन और नैहाटी मार्गों से संबंधित साप्ताहिक समीक्षा बैठक में लंबे समय से लंबित एवं अत्यंत चर्चित विषय का सफलतापूर्वक समाधान हो गया है। पूर्व में नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य के दौरान सिग्नलिंग लॉजिक कोड में कुछ गैर-पृथक समकालिक क्रिस-क्रॉस रेल मार्गों की व्यवस्था उपलब्ध नहीं थी, जिसके कारण अनावश्यक परिचालन प्रतिबंध लागू रहते थे। यह विशेष निर्माण कार्य मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण) श्री मनोज खान के प्रत्यक्ष मार्गदर्शन में सिग्नल एवं दूरसंचार (निर्माण) विभाग द्वारा सफलतापूर्वक निष्पादित किया गया। उदाहरण के लिए, पहले यदि बैंडेल की ओर से आने वाली डाउन ट्रेन को प्लेटफॉर्म संख्या 4 या 5 पर लिया जाता था, तो उसी समय अप उपनगरीय अथवा मुख्य लाइन की ट्रेन को प्लेटफॉर्म संख्या 3 या 5 पर लेना संभव नहीं था। इसी प्रकार, जब डाउन बैंडेल ट्रेन प्लेटफॉर्म संख्या 4 या 5 पर प्रवेश कर रही होती थी, तब प्लेटफॉर्म संख्या 2 या 3 से बैंडेल की ओर जाने वाली अप ट्रेन को रवाना नहीं किया जा सकता था। इसके कारण ट्रेनों को स्टेशन के बाहर ट्रैक पर प्रतीक्षा करनी पड़ती थी और अनावश्यक विलंब होता था।

नई सिग्नलिंग प्रणाली इन सभी कठोर प्रतिबंधों को पूरी तरह समाप्त कर देती है। अब अनेक ट्रेनें सुरक्षित रूप से एक साथ विभिन्न मार्गों से गुजर सकेंगी और बिना एक-दूसरे के परिचालन में बाधा डाले समानांतर रूप से संचालित की जा सकेंगी।

SCROLL FOR NEXT