दीपक, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को कोलकाता में दक्षिण बंगाल की सुरक्षा व्यवस्था, सीमा प्रबंधन और कानून-व्यवस्था की समीक्षा के लिए राज्य पुलिस तथा केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की। सूत्रों के अनुसार, बैठक में उन्होंने स्पष्ट किया कि पश्चिम बंगाल में अवैध घुसपैठ के खिलाफ 'जीरो टॉलरेंस' की नीति अपनाई जाएगी। इसके तहत सुंदरबन के जलमार्गों सहित संवेदनशील सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी और गश्त को और मजबूत किया जाएगा। बैठक के दौरान गृह मंत्री ने राज्य में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने, अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने तथा महिला सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हर जिले में अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ बिना किसी नरमी के कार्रवाई की जानी चाहिए। आंतरिक सुरक्षा को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से अमित शाह ने पश्चिम बंगाल में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की तर्ज पर स्टेट इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (SIA) के गठन की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए। बैठक में अधिकारियों ने ड्रग्स तस्करी, मानव तस्करी और संगठित अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियानों की भी जानकारी दी। सूत्रों के अनुसार, गृह मंत्री ने कहा कि अवैध घुसपैठ रोकने के लिए निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) का हर स्तर पर कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने राज्य पुलिस, केंद्रीय सुरक्षा बलों और खुफिया एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय तथा सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान पर विशेष जोर दिया। बैठक में सुंदरबन के जलमार्गों के जरिए संभावित घुसपैठ रोकने के लिए पुलिस और सीमा सुरक्षा बल (BSF) को छोटी नावों के माध्यम से गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय सीमा से 50 किलोमीटर तक सुरक्षा तंत्र को और मजबूत करने तथा बांग्लादेश सीमा पर फेंसिंग कार्य की प्रगति की भी समीक्षा की गई। अमित शाह ने आतंकवाद, टेरर फंडिंग और संगठित अपराध के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के निर्देश देते हुए कोलकाता पुलिस और राज्य की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) को और अधिक सक्षम बनाने पर बल दिया। उन्होंने साइबर अपराधों से निपटने के लिए 1930 हेल्पलाइन को मजबूत करने तथा पुलिस बल के आधुनिकीकरण की दिशा में तेजी से काम करने के भी निर्देश दिए। बैठक में गृह मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार पश्चिम बंगाल के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने राज्य को पूर्वी भारत का प्रमुख औद्योगिक केंद्र बनाने, सीमावर्ती क्षेत्रों में शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर करने तथा अवैध कब्जों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने पर विशेष जोर दिया। कोलकाता में आयोजित इस समीक्षा बैठक में राज्य पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के अलावा एनआईए, बीएसएफ, सीआरपीएफ, सीबीआई तथा अन्य केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों के शीर्ष अधिकारी भी उपस्थित रहे।