Home slider

हावड़ा में योग शिक्षक पर 3 साल की बच्ची को प्रताड़ित करने का आरोप

पैर टूटने से जीवनभर के लिए दिव्यांग होने की आशंका

मेघा, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा: योग सीखने गई साढ़े तीन साल की एक मासूम बच्ची के साथ कथित रूप से बर्बरता का मामला सामने आया है। आरोप है कि योग अभ्यास के नाम पर शिक्षक ने बच्ची को जबरन कठिन व्यायाम करवाए, जिससे उसके दोनों पैरों में गंभीर चोट आई है। चिकित्सकों का कहना है कि चोट इतनी गंभीर है कि बच्ची के जीवनभर के लिए दिव्यांग होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। यह घटना हावड़ा जिले के जगतबल्लभपुर थाना क्षेत्र की है। बच्ची के पिता, जो इस समय श्रीनगर में सेना में तैनात हैं, ने योग शिक्षक कार्तिक पात्र के खिलाफ थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। परिवार का आरोप है कि पिछले एक महीने से बच्ची योग सीखने जा रही थी और इस दौरान शिक्षक उस पर ज़बरदस्ती कठिन अभ्यास करवाते थे। आरोप है कि इसी दौरान अत्यधिक दबाव डालने से बच्ची के दोनों पैर क्षतिग्रस्त हो गए और एक पैर में फ्रैक्चर हो गया। आरोपी योग शिक्षक कार्तिक पात्र फिलहाल फरार बताया जा रहा है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।

SCROLL FOR NEXT