कोलकाता : मुख्यमंत्री व तृणमूल सुप्रीमो ममता बनर्जी ने एक बार फिर ईवीएम पर सवाल उठाये। 2024 के लोकसभा चुनाव में सीएम ने ईवीएम के साथ छेड़छाड़ की आशंका जाहिर की। गुरुवार को नवान्न सभागार में मुख्यमंत्री ने वर्चुअली कई परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया। इसके बाद मीडिया को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा ने पहले ही 2024 चुनावों के लिए अपनी योजना शुरू कर दी है। सीएम ने कहा, 'चुनावों में प्रयुक्त इलेक्ट्रॉनिक मशीनों को हैक करने के लिए विभिन्न उपाय किये जा रहे हैं। हमें इस तरह की सूचनाएं मिली हैं और कुछ सबूत भी मिल चुके हैं। हम और भी तलाश रहे हैं।' इस पर इंडिया गठबंधन के सदस्यों की अगली बैठक के दौरान चर्चा की जाएगी।
हमारा अस्तित्व पूरे देश में है
सीएम ने कहा कि दिल्ली भारत की राजधानी है, हम दिल्ली जीतने जा रहे हैं। इसका मतलब यह भी है कि भारत जीतेगा। 'इंडिया' गठबंधन का गठन देश को आपदा, सांप्रदायिक तनाव और बेरोजगारी से बचाने के लिए किया गया है। हमारा 'इंडिया' गठबंधन नया है और हमारा अस्तित्व पूरे देश में है। बेशक हम सरकार बनाएंगे और दिल्ली राजधानी है, जिसमें संसद भी है। मुझे नहीं पता कि जानबूझकर या अनजाने में उन्होंने (गृह मंत्री) सही बात कही है कि भारत हमारी मातृभूमि है। इसलिए, 'इंडिया' गठबंधन मातृभूमि का, मातृभूमि द्वारा और मातृभूमि के लिए है जबकि एनडीए का कोई मूल्य नहीं है। सीएम ने एनडीए पर कटाक्ष करते हुए कहा कि इतने वर्षों तक उन्होंने आपस में कोई बैठक नहीं की। उनके सहयोगियों ने पहले ही उनका साथ छोड़ दिया था। सीएम ने कहा, 'हिंसा हमेशा भाजपा के शब्दकोश का हिस्सा रही है। उनकी डिक्शनरी में संविधान नहीं सिर्फ हिंसा है। वे दलितों, आदिवासियों और अल्पसंख्यकों पर हमले करते हैं।
पूरे देश का भगवाकरण हो जाएगा
अब वे पत्रकारों को परेशान करने से पहले उनका धर्म पूछ रहे हैं। उन्हें लगता है कि हिंसा के बिना कोई प्रगति नहीं है। हिंसा का प्रयोग कर वे हर चीज का भगवाकरण करना चाहते हैं।' मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि पेट्रोल पंप अटेंडेंट को भी भगवा वर्दी पहनाई जाती है। बीजेपी के पास देने के लिए और कुछ नहीं है। अगर पूरे देश का भगवाकरण हो जाएगा तो बाकी रंग कहां जाएंगे? भगवा भक्ति, त्याग और पवित्रता का प्रतीक है। अगर इसे उत्पीड़न के प्रतीक के रूप में इस्तेमाल किया जाएगा तो लोग इसे स्वीकार नहीं करेंगे।