मेघा, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता: दिग्गज फिल्म निर्देशक मणिरत्नम एक बार फिर अपनी नई तमिल रोमांटिक फिल्म के जरिए कोलकाता की खूबसूरती को बड़े पर्दे पर उतारने जा रहे हैं। शहर में फिल्म की शूटिंग शुरू हो चुकी है और शनिवार देर रात हावड़ा ब्रिज पर अभिनेता विजय सेतुपति और अभिनेत्री साई पल्लवी ने महत्वपूर्ण दृश्यों की शूटिंग की। रात करीब दो बजे शुरू हुई शूटिंग को देखने के लिए वहां मौजूद कुछ लोगों की नजरें अपने पसंदीदा सितारों पर टिक गईं। विजय सेतुपति गत बुधवार रात कोलकाता पहुंचे थे, जबकि साई पल्लवी गुरुवार तड़के शहर पहुंचीं। दोनों कलाकारों ने गुरुवार से शनिवार तक बेलगाछिया राजबाड़ी में फिल्म के कई अहम दृश्यों की शूटिंग की। इसके बाद पूरी टीम शनिवार की देर रात हावड़ा ब्रिज पहुंची, जहां रोमांटिक दृश्यों को फिल्माया गया। शूटिंग के दौरान विजय सेतुपति अपने नए लुक में नजर आए। उनकी पहचान बन चुकी दाढ़ी-मूंछ इस बार गायब थी और वह ब्लैक टी-शर्ट व जींस में दिखाई दिए। वहीं, साई पल्लवी ईंटी रंग की मैक्सी ड्रेस में नजर आईं। दोनों कलाकारों को भीगी सड़क पर साथ चलते हुए फिल्माया गया। हालांकि उस समय हल्की बारिश हुई थी, लेकिन दृश्य को और प्रभावी बनाने के लिए सड़क को कृत्रिम रूप से भी भिगोया गया। सूत्रों के अनुसार, फिल्म की आगे की शूटिंग बेलगाछिया राजबाड़ी, पार्क स्ट्रीट और कुमारटुली में भी होगी। इससे पहले मणिरत्नम ने वर्ष 2010 में रिलीज हुई फिल्म 'रावण' के दौरान कोलकाता में शूटिंग की थी।