कोलकाता/गुवाहाटी: पूर्वोत्तर भारत की रेल संपर्क व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में भारतीय रेलवे ने एक बड़ा कदम उठाया है। जल्द ही गुवाहाटी और हावड़ा के बीच वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का संचालन शुरू किया जाएगा। इस नई सेवा से असम समेत पूरे पूर्वोत्तर क्षेत्र के यात्रियों को तेज, सुरक्षित और आधुनिक सुविधाओं से युक्त रात्रिकालीन यात्रा का विकल्प मिलेगा। नई वंदे भारत स्लीपर ट्रेन के शुरू होने से गुवाहाटी और कोलकाता के बीच यात्रा का समय कम होने की उम्मीद है। साथ ही यात्रियों को अत्याधुनिक स्लीपर कोच, बेहतर सुरक्षा व्यवस्था, आरामदायक बर्थ, आधुनिक इंटीरियर और उन्नत यात्री सुविधाओं का लाभ मिलेगा। यह सेवा व्यवसाय, पर्यटन, शिक्षा और चिकित्सा संबंधी यात्राओं को भी अधिक सुविधाजनक बनाएगी।
पूर्वोत्तर और बंगाल के बीच बढ़ेगी आर्थिक व सांस्कृतिक भागीदारी
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, गुवाहाटी-हावड़ा वंदे भारत स्लीपर सेवा से असम और पश्चिम बंगाल के बीच संपर्क और मजबूत होगा। इससे व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ पर्यटन और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को भी नई गति मिलेगी। पूर्वोत्तर राज्यों के यात्रियों के लिए कोलकाता तक तेज और सुविधाजनक पहुंच उपलब्ध होगी। गुवाहाटी-हावड़ा वंदे भारत स्लीपर सेवा इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है, जिससे पूर्वोत्तर भारत की देश के अन्य हिस्सों से कनेक्टिविटी और अधिक मजबूत होगी।