Home slider

तारकेश्वर लोकल ट्रेन का पैंटोग्राफ टूटने से रेल सेवा बाधित

हजारों यात्री परेशान

मेघा, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : हावड़ा स्टेशन के प्रवेश द्वार के पास शनिवार दोपहर एक बड़ा रेल व्यवधान उत्पन्न हो गया, जब अप तारकेश्वर लोकल ट्रेन का पैंटोग्राफ (ओवरहेड बिजली लेने वाला उपकरण) क्षतिग्रस्त होकर टूट गया। इस घटना के कारण हावड़ा स्टेशन के कई प्लेटफॉर्मों पर रेल परिचालन प्रभावित हुआ और हजारों यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। रेल सूत्रों के अनुसार, दोपहर करीब 2 बजे अप तारकेश्वर लोकल हावड़ा स्टेशन से रवाना होने के लगभग 100 मीटर बाद अचानक उसका पैंटोग्राफ ओवरहेड तार से उलझकर टूट गया। इसके चलते ट्रेन बीच ट्रैक पर ही रुक गई और हावड़ा स्टेशन के प्रवेश मार्ग की कई रेल लाइनों पर आवागमन बाधित हो गया। घटना के बाद अप और डाउन दोनों दिशाओं में ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित हुई। हावड़ा की ओर आने वाली कई लोकल ट्रेनें लिलुआ स्टेशन और उसके आसपास लंबे समय तक खड़ी रहीं। अचानक परिचालन ठप होने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। ट्रेनें रुकी रहने के कारण हजारों यात्रियों ने मजबूर होकर जान जोखिम में डालते हुए रेल पटरियों पर पैदल चलकर हावड़ा स्टेशन की ओर जाना शुरू कर दिया। इस दौरान रेलवे सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े हुए। रेलवे सूत्रों ने बताया कि इस तकनीकी खराबी का सबसे अधिक असर हावड़ा स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 1 से 5 तक के परिचालन पर पड़ा। कई लोकल ट्रेनों के समय में देरी हुई और कुछ ट्रेनों को नियंत्रित गति से चलाया गया। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के तकनीकी और इंजीनियरिंग विभाग की टीम मौके पर पहुंची और युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य शुरू किया। करीब दोपहर 3:30 बजे क्षतिग्रस्त पैंटोग्राफ को ठीक कर ट्रेन को रवाना किया गया। इसके बाद धीरे-धीरे रेल सेवाएं सामान्य हो गईं। हालांकि, लगभग डेढ़ घंटे तक चले इस व्यवधान के कारण हावड़ा मंडल के उपनगरीय रेल नेटवर्क पर व्यापक असर पड़ा और हजारों दैनिक यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ी। रेलवे अधिकारियों ने घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

SCROLL FOR NEXT