सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : हरिदेवपुर इलाके में एक नामी टॉलीवुड अभिनेता द्वारा अपनी नौकरानी को बंधक बनाकर प्रताड़ित करने का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। अभिनेता सम्राट मुखोपाध्याय पर आरोप है कि घर से एक कीमती अंगूठी गायब होने के बाद उन्होंने अपनी नौकरानी को एक कमरे में कैद किया और लाठियों से उसकी बेरहमी से पिटाई की। पीड़िता की शिकायत पर हरिदेवपुर थाने की पुलिस ने अभिनेता के खिलाफ मारपीट और छेड़छाड़ करने का मामला दर्ज कर लिया है। वहीं, जवाबी कार्रवाई में अभिनेता के परिवार ने भी महिला के खिलाफ अंगूठी चोरी की लिखित शिकायत दर्ज करायी है। पुलिस दोनों परस्पर विरोधी मामलों की समानांतर जांच कर रही है।
क्या है मामला
पुलिस सूत्रों के अनुसार, पीड़ित महिला पिछले करीब एक महीने से अभिनेता सम्राट मुखोपाध्याय के घर पर घरेलू सहायिका के रूप में कार्यरत थी। बीते बुधवार की दोपहर से अभिनेता की एक कीमती अंगूठी गायब थी, जिसका पूरा संदेह सीधे नौकरानी पर मढ़ दिया गया। पीड़िता का आरोप है कि संदेह के आधार पर उसे पहले एक कमरे में बंद किया गया और उसके बैग की तलाशी ली गई। इसके बाद लाठी से उसे तब तक पीटा गया जब तक वह लहूलुहान नहीं हो गई। जमीन पर गिराकर उसे लातों से भी मारा गया, जिससे उसके हाथ और उंगलियों में गंभीर चोटें आईं। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों को उसके सिर पर चार टांके लगाने पड़े। अस्पताल से छुट्टी मिलते ही पीड़िता ने सीधे थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई।
अभिनेता की सफाई: "चोरी खुलने के डर से भागते वक्त खुद सीढ़ियों से गिरी नौकरानी"
इन तमाम गंभीर और संगीन आरोपों को पूरी तरह सिरे से खारिज करते हुए अभिनेता सम्राट मुखोपाध्याय ने अपनी सफाई पेश की है। अभिनेता का दावा है कि महिला को एक प्लेसमेंट एजेंसी के माध्यम से काम पर रखा गया था। बुधवार को जब अंगूठी गायब हुई और घर के दरबान ने उससे सामान्य पूछताछ शुरू की, तो वह बुरी तरह घबरा गई। अभिनेता ने पुलिस को बताया, "पूछताछ के दौरान पकड़े जाने के डर से महिला ने भागने का प्रयास किया, जिससे उसका पैर फिसल गया और वह 10 से 12 सीढ़ियों से नीचे आ गिरी। गिरते समय उसका सिर लोहे की ग्रिल से टकरा गया था, जिसके कारण उसे चोटें आईं। यही नहीं, उसने खुद भी अपना सिर दीवार पर पटका था। मैंने या मेरे परिवार ने उस पर हाथ तक नहीं उठाया।" अभिनेता के अनुसार, उन्होंने खुद इस घटना की जानकारी पुलिस को दी थी, जिसके बाद महिला पुलिसकर्मी उनके घर आई थीं और महिला से अंगूठी लौटाने की मिन्नत भी की थी। सच्चाई का पता लगाने के लिए पुलिस दोनों लोगों को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ करेगी।