Home slider

समयपालन सुधारने के लिए रेलवे ने 100 से अधिक ट्रेनों के बदले समय, पूर्वोत्तर रेलवे जोन में बड़ा बदलाव

दिल्ली, कोलकाता, अगरतला, बेंगलुरु समेत कई प्रमुख रूट प्रभावित

नई दिल्ली : भारतीय रेलवे ने ट्रेनों की समयपालन व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए बड़ा कदम उठाते हुए 100 से अधिक ट्रेनों के समय में बदलाव किया है। यह बदलाव पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (Northeast Frontier Railway-NFR) जोन के अंतर्गत लागू किया गया है। संशोधित समय सारिणी में मेल, एक्सप्रेस, पैसेंजर, डीएमयू और लंबी दूरी की कई महत्वपूर्ण ट्रेनें शामिल हैं।रेलवे अधिकारियों के अनुसार, नई समय सारिणी लागू होने से ट्रेनों की लेटलतीफी कम होगी और यात्रियों को अधिक सुविधाजनक यात्रा अनुभव मिलेगा।

इन प्रमुख स्टेशनों पर लागू हुआ नया समय

संशोधित समय सारिणी गुवाहाटी, कामाख्या, लुमडिंग, न्यू हाफलोंग, बदरपुर, डिब्रूगढ़, न्यू तिनसुकिया, रंगिया, सिलचर और अगरतला जैसे महत्वपूर्ण स्टेशनों पर लागू की गई है।

रेलवे का क्या कहना है

एनएफआर के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) कपिंजल किशोर शर्मा ने बताया कि यह बदलाव ट्रेनों की समयपालन क्षमता बढ़ाने, परिचालन को सुव्यवस्थित करने और यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखकर किया गया है। उन्होंने कहा कि असम और त्रिपुरा की कई पैसेंजर एवं डीएमयू सेवाओं का समय भी बदला गया है ताकि विभिन्न रेलखंडों में बेहतर कनेक्टिविटी और सुचारु ट्रेन संचालन सुनिश्चित किया जा सके।

यात्रियों को क्या होगा फायदा

रेलवे के अनुसार, नई समय सारिणी लागू होने से—

  • ट्रेनों की देरी में कमी आएगी

  • सेक्शन रनिंग टाइम बेहतर होगा

  • प्रमुख जंक्शनों पर कनेक्टिविटी सुधरेगी

  • लंबी दूरी और लोकल यात्रियों दोनों को लाभ मिलेगा

रेलवे ने यात्रियों को सलाह दी है कि यात्रा शुरू करने से पहले NTES, PRS इंक्वायरी सिस्टम या नजदीकी रेलवे स्टेशन से नई समय सारिणी की जानकारी जरूर प्राप्त करें।

इन प्रमुख ट्रेनों के समय बदले

समय परिवर्तन से प्रभावित प्रमुख ट्रेनों में शामिल हैं—

  • डिब्रूगढ़–नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस

  • आनंद विहार टर्मिनल–सायरंग राजधानी एक्सप्रेस

  • कोलकाता–अगरतला गरीब रथ एक्सप्रेस

  • सियालदह–सिलचर कंचनजंघा एक्सप्रेस

  • हावड़ा–डिब्रूगढ़ कामरूप एक्सप्रेस

  • दिल्ली–कामाख्या ब्रह्मपुत्र मेल

  • न्यू जलपाईगुड़ी–गुवाहाटी इंटरसिटी

  • अगरतला–एलटीटी एक्सप्रेस

  • गुवाहाटी–सिलचर एक्सप्रेस

  • डिब्रूगढ़–चंडीगढ़ एक्सप्रेस

इसके अलावा कुल 109 ट्रेनों की समय सारिणी में संशोधन किया गया है।

SCROLL FOR NEXT