Home slider

रविवार को भी आम जनता के लिए खुले रहेंगे नगरपालिका के दरवाजे

सन्मार्ग संवाददाता

हुगली : चुंचुड़ा नगरपालिका ने शहर के 30 वार्डों के निवासियों के लिए एक अनोखी पहल की है। अब आम नागरिकों की सुविधा के लिए रविवार की छुट्टी के दिन भी नगरपालिका के दरवाज़े खुले रहेंगे। इस दौरान नगरपालिका चेयरमैन के साथ-साथ अन्य पार्षद भी मौजूद रहेंगे। कुछ विशेष दिनों में विधायक स्वयं भी नगरपालिका कार्यालय में उपस्थित रहेंगे। बताया गया है कि सप्ताह के छह दिन सरकारी या निजी कामकाज में व्यस्त रहने वाले कई लोग नगरपालिका की सेवाओं के लिए छुट्टी लेकर आने को मजबूर होते थे। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। रविवार को भी नगरपालिका खुली रही, जहां विधायक असित मजूमदार मौजूद थे। उन्होंने कहा कि नगरपालिका क्षेत्र में ऐसे कई लोग हैं जो सरकारी या निजी संस्थानों में काम करते हैं और उन्हें आसानी से छुट्टी नहीं मिलती। सप्ताह में सिर्फ रविवार को ही अवकाश मिलता है। इसलिए लोगों की सुविधा के लिए हर रविवार सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक नगरपालिका खुली रहेगी, ताकि कोई भी नागरिक अपनी समस्या लेकर आए और बिना समाधान के वापस न लौटे। बीजेपी की राज्य समिति के सदस्य स्वपन पाल ने तंज कसा और कहा कि अब मरते वक्त हरिनाम किया जा रहा है। इतने दिनों तक ये लोग क्या कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस को समझ आ गया है कि आने वाले विधानसभा चुनाव में उनकी हार तय है, इसलिए अब रविवार को नगरपालिका खोलने का दिखावा किया जा रहा है।


SCROLL FOR NEXT