सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : कोलकाता के ऐतिहासिक कॉलेज स्ट्रीट (बोईपाड़ा) को अंतरराष्ट्रीय स्तर के बुक मार्केट के रूप में विकसित करने की दिशा में राज्य सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। हालांकि पहले पूरे इलाके को ''नो व्हीकल ज़ोन'' बनाने की योजना पर विचार किया गया था, लेकिन अब सरकार ने स्पष्ट किया है कि पूरे कॉलेज स्ट्रीट में वाहनों पर प्रतिबंध नहीं लगेगा। केवल चुनिंदा सड़कों को पैदल यात्रियों और साइकिल के लिए आरक्षित किया जाएगा, जबकि प्रमुख संपर्क मार्गों पर सामान्य यातायात जारी रहेगा।
शहरी विकास एवं नगर मामलों की मंत्री अग्निमित्रा पाल ने कोलकाता नगर निगम की आयुक्त स्मिता पांडे और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कॉलेज स्ट्रीट क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान विभिन्न सड़कों के पुनर्विकास की रूपरेखा पर चर्चा हुई। मंत्री ने कहा कि इलाके में कई विश्वविद्यालय, कॉलेज और स्कूल स्थित हैं, इसलिए सभी सड़कों को वाहन मुक्त बनाना व्यावहारिक नहीं है। अधिकारी तय करेंगे कि किन मार्गों पर वाहन प्रतिबंध और किन पर सामान्य आवागमन रहेगा।
सरकार की योजना के अनुसार कॉलेज स्ट्रीट के पुस्तक स्टॉलों को एक समान डिजाइन दिया जाएगा। वर्तमान में अलग-अलग टिन शेड और अस्थायी संरचनाओं की जगह व्यवस्थित और आकर्षक स्टॉल बनाए जाएंगे। आगंतुकों के लिए बैठकर पुस्तक पढ़ने की व्यवस्था, कॉफी शॉप, विश्राम स्थल और कुछ मार्गों पर साइकिल ट्रैक विकसित किए जाएंगे। वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगों की सुविधा के लिए बैटरी चालित वाहनों की भी व्यवस्था प्रस्तावित है। इस परियोजना का उद्देश्य आधुनिक सुविधाओं के साथ कॉलेज स्ट्रीट की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान को सुरक्षित रखना है।
पुस्तक विक्रेताओं ने भी इस पहल का स्वागत किया है। उनका मानना है कि यदि बुनियादी ढांचे का विकास समयबद्ध तरीके से किया गया तो इससे पाठकों की संख्या बढ़ेगी और पुस्तक व्यवसाय को नई गति मिलेगी। हालांकि कुछ व्यापारियों ने मांग की है कि दुकानों के पुनर्व्यवस्थित करने और एकीकृत परिसर की योजना को जल्द अंतिम रूप दिया जाए ताकि कारोबार प्रभावित न हो। सरकार इस महत्वाकांक्षी परियोजना को अंतिम रूप देने से पहले विशेषज्ञों और संबंधित हितधारकों से भी सलाह ले रही है।