Home slider

हावड़ा शूटआउट: प्रमोटर शफीक खान हत्याकांड में 3 गिरफ्तार

जोड़ासांको और बहूबाजार इलाके से पकड़े गए अभियुक्त मुख्य आरोपी हारून और रोहित अभी भी फरार

मेघा, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : हावड़ा के पीलखाना इलाके में हुए सनसनीखेज शूटआउट में प्रमोटर शफीक खान की हत्या के मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। हालांकि मुख्य अभियुक्त हारून खान और रोहित अब भी फरार हैं। उनकी तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस के अनुसार, बुधवार रात गुप्त सूचना के आधार पर मोहम्मद बिलाल, मोहम्मद वकील और दिलदार हुसैन को गिरफ्तार किया गया। तीनों कोलकाता के बहूबाजार और जोड़ासांको इलाके के निवासी बताए जा रहे हैं और मुख्य अभियुक्त हारून खान के करीबी हैं। आरोप है कि इन्होंने हत्या के बाद हारून और रोहित को फरार होने में मदद की और उन्हें पनाह दी। तीनों अभियुक्तों से हावड़ा सिटी पुलिस के गुप्तचर विभाग में लगातार पूछताछ की जा रही है। उल्लेखनीय है कि बुधवार सुबह पीलखाना में व्यस्त सड़क पर शफीक खान को प्वाइंट ब्लैंक रेंज से सिर और सीने में चार गोलियां मारी गईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें पूरी वारदात कैद है।

पहले बाइक और फिर टैक्सी में सवार होकर कोलकाता पहुंचे थे दोनों हत्यारे

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि घटना के बाद हारून और रोहित घटनास्थल से भागकर मुख्य सड़क पर पहुंचे और एक बाइक सवार को धमकाकर उसकी बाइक छीन ली। बाइक से दोनों हावड़ा के मेघदूत होटल के पास उतरे और वहां से टैक्सी लेकर कोलकाता चले आए। कोलकाता पहुंचते ही उन्होंने पहले जोड़ासांको के केलाबागान में रहने वाले मोहम्मद बिलाल को फोन किया और उसके घर के पास पहुंचे। आरोप है कि केलाबागान आने के बाद उन्होंने बहूबाजार के हरीन बाड़ी लेन निवासी मोहम्मद वकील और दिलदार हुसैन से संपर्क किया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, बुधवार दोपहर हारून और रोहित वकील के घर में ठहरे थे। मोहम्मद वकील का बैग सप्लाई का व्यवसाय है। वह कई वर्ष पहले हावड़ा में रहता था और वहीं उसकी पहचान हारून से हुई थी। जांच के दौरान पुलिस ने मोहम्मद वकील और दिलदार को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर मामले में फरार मुख्य अभियुक्तों की तलाश कर रही है।

पत्रकार से मारपीट मामले में 6 गिरफ्तार : इस घटना की कवरेज के दौरान एक पत्रकार के साथ मारपीट के मामले में भी पुलिस ने छह लोगों को गिरफ्तार किया है।

राजनीतिक कनेक्शन की जांच : मामले में स्थानीय तृणमूल नेता गौतम चौधरी के साथ आरोपियों की कथित नजदीकी को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। हालांकि संबंधित नेता ने हारून के साथ किसी भी घनिष्ठ संबंध से इनकार किया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।

क्या कहा सीपी ने : हावड़ा सिटी पुलिस के पुलिस आयुक्त आकाश माघारिया ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है और मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए हावड़ा व कोलकाता में कई स्थानों पर छापेमारी की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि इलाके में फिलहाल स्थिति शांतिपूर्ण है।




SCROLL FOR NEXT