कोलकाता: शहर की विरासत को नई पहचान देने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। अब कोलकाता का करीब 200 वर्ष पुराना इंडियन म्यूजियम हर शाम आकर्षक रोशनी से जगमगाता नजर आएगा। संग्रहालय प्रशासन ने इसकी ऐतिहासिक इमारत पर स्थायी फसाड लाइटिंग (Facade Lighting) की योजना को मंजूरी दे दी है। यह परियोजना अब तक केवल विशेष अवसरों पर होने वाली रोशनी की व्यवस्था को स्थायी रूप देगी। इंडियन म्यूजियम के निदेशक सयान भट्टाचार्य ने बताया कि संग्रहालय के न्यासी बोर्ड ने, जिसकी अध्यक्षता राज्यपाल करते हैं, कोलकाता रेस्टोरर्स द्वारा भेजे गए प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। उन्होंने कहा कि अब तक संग्रहालय की इमारत को केवल राष्ट्रीय पर्व, सांस्कृतिक आयोजनों और प्रमुख त्योहारों के दौरान ही रोशन किया जाता था, लेकिन नई योजना के तहत इसकी ऐतिहासिक इमारत हर शाम प्रकाशमान रहेगी। नई लाइटिंग व्यवस्था में पहले की तरह तेज रोशनी का उपयोग नहीं किया जाएगा। इसके बजाय अत्याधुनिक एलईडी लाइटिंग लगाई जाएगी, जिससे संग्रहालय की नव-शास्त्रीय (Neoclassical) शैली की वास्तुकला—जैसे मेहराब, स्तंभ और पिलर—को आकर्षक ढंग से उभारा जाएगा।