हुगली : नाग पंचमी के अवसर पर तारकेश्वर धाम में बाबा तारकनाथ के जलाभिषेक के लिए राज्य के विभिन्न जिलों से लाखों कांवड़िए और शिवभक्त पहुंचे। प्रशासन के अनुमान के अनुसार सोमवार को 15 लाख से अधिक शिवभक्तों ने बाबा तारकनाथ के दर्शन कर उनका जलाभिषेक किया। वहीं मंगलवार को भी भारी भीड़ देखने को मिली। राज्य सरकार ने श्रद्धालुओं के लिए गंगा घाट से मंदिर तक पूरे मार्ग में दुरुस्त व्यवस्था कर रखी है। हुगली ग्रामीण जिला पुलिस ने श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा घेरा मजबूत कर रखा है। पुलिस अधीक्षक डॉ.कुंवर भूषण सिंह, एडिशनल एसपी शांतनु झा स्वयं सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करते हुए लगातार गश्त करते रहे। हरिपाल के काशी विश्वनाथ सेवा समिति, विश्वनाथ सेवा समिति और सिंगुर के श्री बड़ाबाजार लोहापट्टी सेवा समिति जैसी बड़ी संस्थाओं में लगभग 30 हजार से अधिक श्रद्धालु पहुंचे और भोजन ग्रहण किया। इनके अलावा डानकुनी आदर्श सेवा समिति, श्रीरामपुर टिनबाजार जय भोले समिति व युवा शक्ति समिति, मानव सेवा ट्रस्ट के शिविरों में श्रद्धालुओं ने विश्राम और भोजन किया। चंदननगर पुलिस कमिश्नर सुनील कुमार यादव ने वैद्यवाटी और शेवड़ाफुली के घाटों पर सुरक्षा का पुख्ता बंदोबस्त कर रखा है। सिंगुर थाना प्रभारी आईसी सुदीप्त साधुखां, हरिपाल थाना प्रभारी अरूप मंडल लगातार अपने क्षेत्रों में गश्त करते रहे। तारकेश्वर स्टेशन पर भारी संख्या में आरपीएफ और जीआरपी की तैनाती की गई थी। रेल पटरी पर विशेष ध्यान दिया गया था। रेलवे द्वारा माइकिंग कर तीर्थयात्रियों से लगातार अनुरोध किया जा रहा था कि रेल पटरी पार न करें और फूट ओवर ब्रिज का इस्तेमाल करें।