भवानीपुर में सुकांत मजूमदार को रोकती पुलिस  
Home slider

भवानीपुर में डॉक्टर से मिलने गये सुकांत मजूमदार को किया गया गिरफ्तार

पुलिस कर्मियों के साथ भाजपा कार्यकर्ताओं की धक्का-मुक्की

कोलकाता : शुक्रवार को भवानीपुर के हरीश मुखर्जी रोड में एक प्रतिवादी डॉक्टर से मिलने गये केंद्रीय मंत्री व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। सुकांत मजूमदार ने आरोप लगाया कि डॉक्टर रजतशुभ्रो बंद्योपाध्याय के साथ मिलने जाने पर पुलिस ने बताया कि वे घर पर नहीं हैं जबकि डॉक्टर ने खुद घर से निकलकर सुकांत मजूमदार से मुलाकात की। पुलिस के साथ बहसा-बहसी के बाद प्रदेश भाजपा अध्यक्ष व डॉक्टर समेत कई भाजपा कार्यकर्ताओं व समर्थकों को भवानीपुर थाने की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। सुकांत मजूमदार ने कहा, ‘क्यों हमें पकड़ा गया, मुझे नहीं पता, विश्व में कहीं ऐसा नहीं होता।’ इस दौरान डीसी साउथ समेत भारी संख्या में पुलिस मौके पर पहुंची।

इस दिन सुबह ‘पश्चिम बंगाल’ दिवस के उपलक्ष्य में भाजपा की ओर से कार्यक्रम आयोजित किया गया था। बाइक से जाने के दौरान सुकांत को बाधा देने का आरोप है। बाद में वह अकेले बाइक से नेताजी के घर की ओर गये और वहां से डाॅक्टर के घर की ओर जा रहे थे जिस दौरान हंगामा हुआ। लगभग एक घण्टे तक सुकांत मजूमदार गाड़ी में ही बैठे रहे। घर से बाहर निकलकर डॉक्टर ने कहा, ‘हमारी सौजन्यमूलक मुलाकात की बात थी। मेरी मां घर पर उनका इंतजार कर रही थी। अचानक टीवी देखकर वह रोने लगीं। कहा कि उन्हें आने से मना करो।’

डॉक्टर ने किया था राज्य सरकार का विरोध

दरअसल, सुकांत मजूमदार जिस डॉक्टर से मिलने गये थे, उन्होंने राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के ऑक्सफोर्ड दौरे के समय केलॉग कॉलेज के कार्यक्रम में आरजी कर की घटना का मुद्दा उठाते हुए प्रतिवाद जताया था। भाजपा का आरोप है कि उस दिन से ही डॉक्टर रजतशुभ्रो को प्रशासन द्वारा नजर में रखा जा रहा है। इधर, सुकांत मजूमदार को जाने नहीं देने के मुद्दे पर डॉक्टर रजतशुभ्रो ने कहा कि वे घर पर ही सुकांत का इंतजार कर रहे थे। इसके बाद विवाद चालू हो गया। पुलिस ने झूठ क्यों कहा, इसे लेकर भाजपा कार्यकर्ता व समर्थक विरोध जताने लगे। उस समय तक रजतशुभ्रो बंद्योपाध्याय घर से निकलकर सुकांत मजूमदार के पास आ गये और उनसे बातचीत करने लगे। दोनों बात करते हुए आगे बढ़ने लगे कि पुलिस द्वारा बाधा देने का आरोप है। परिस्थिति जटिल होते ही पुलिस ने सुकांत व उक्त डॉक्टर काे हिरासत में ले लिया। कार्यकर्ताओं व समर्थकों द्वारा बाधा देने पर उन्हें भी हिरासत में लेकर लालबाजार ले जाया गया।

सूचित करके जाना चाहिये था : पुलिस

इस मुद्दे पर पुलिस की ओर से बताया गया कि सुकांत मजूमदार को जेड सिक्योरिटी प्राप्त है। ऐसे में कहीं जाने पर उन्हें बताकर जाना चाहिये, लेकिन वह बगैर सूचित किये जा रहे थे जिस कारण उन्हें गिरफ्तार किया गया। इस मामले में सुकांत मजूमदार व डॉक्टर समेत कुल 25 भाजपा कार्यकर्ताओं व समर्थकों को गिरफ्तार किया गया।

SCROLL FOR NEXT