Home slider

होली पर सख्त पहरा: हावड़ा में छतों पर ताला, गंगा स्नान पर समय सीमा

रंगों के त्योहार पर सुरक्षा का कवच: हावड़ा सिटी पुलिस अलर्ट

मेघा, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : होली के मद्देनज़र Howrah में सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए हैं। रंगों के इस पर्व को सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से मनाने के लिए Howrah City Police पूरी तरह सतर्क नजर आ रही है। इसमें खासकर दोपहर 12 बजे के बाद होली खेलकर बच्चों को गंगा में नहाने की अनुमति नहीं दी गयी है। हावड़ा के सीपी आकाश मघारिया ने स्पष्ट निर्देश जारी करते हुए कहा है कि किसी भी हाई-राइज बिल्डिंग की छत या ऊपरी मंजिल से पानी भरे गुब्बारे या अन्य वस्तुएं फेंकने की अनुमति नहीं दी गयी है। पिछले वर्षों में ऐसी घटनाओं से कई लोगों के घायल होने की शिकायतें सामने आई थीं। इसी को ध्यान में रखते हुए कई आवासीय परिसरों और बहुमंजिला इमारतों को पहले ही नोटिस जारी कर दिया गया है। अधिकतर सोसाइटियों को निर्देश दिया गया है कि होली के दिन छतों के गेट पर ताला लगा दिया जाए, ताकि कोई भी व्यक्ति ऊपर से रंग या गुब्बारे न फेंक सके। विभिन्न थानों में विशेष बैठक की गयी। इसमें मालीपांचघड़ा थाना की ओर से कोऑर्डिनेशन मीटिंग की गयी। इसमें थाना प्रभारी सुजय दास, विधायक गौतम चौधरी, हावड़ा निगम के प्रतिनिधि रियाज अहमद समेत अन्य लोग थे। थाना प्रभारी पिछले वर्ष होली के दिन गंगा में डूबने से कुछ बच्चों की मौत हो गई थी। इस दुखद घटना को ध्यान में रखते हुए इस बार विशेष एहतियात बरती जा रही है। प्रशासन की ओर से साफ कर दिया गया है कि होली खेलने के बाद बच्चों को दोपहर 12 बजे के बाद गंगा में स्नान करने की अनुमति नहीं होगी। घाटों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा और सिविल डिफेंस की टीमें भी सतर्क रहेंगी। हालांकि सामान्य वयस्क लोगों को गंगा में स्नान की अनुमति रहेगी, लेकिन उनसे भी सावधानी बरतने की अपील की गई है। होली के दिन किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जा रहा है। ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी रखी जाएगी। पुलिस प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे जिम्मेदारी के साथ त्योहार मनाएं, जबरन रंग न लगाएं और सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखें।


SCROLL FOR NEXT